व्हाट्सएप से जुडने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड क्षेत्र में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक प्रेरक कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वी, पश्चिमी और उत्तरी तीनों मंडलों के विभिन्न बूथों पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में भाजपाइयों सहित आम लोगों की भागीदारी देखी गई।
इस अवसर पर पूर्वी मंडल अध्यक्ष ललित कुमार झा, पश्चिमी मंडल अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, उत्तरी मंडल अध्यक्ष सरोज कुमार तथा आईटी सेल सह मीडिया संयोजक एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम के मंडल प्रभारी नवीन कुमार सिंह के नेतृत्व में अलग अलग बूथों पर कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया।
सभी मंडलों में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर टीवी, रेडियो और मोबाइल के माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखते व सुनते हुए प्रधानमंत्री के विचारों को आत्मसात किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देशवासियों से संवाद करते हुए कई प्रेरणादायक विषयों पर चर्चा की।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की नवाचार क्षमता, स्टार्टअप संस्कृति और ‘आत्मनिर्भर भारत’ की दिशा में हो रही प्रगति की सराहना की। पीएम ने कहा कि आज का युवा नए विचारों और तकनीक के माध्यम से देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनभागीदारी को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने उन आम नागरिकों की कहानियों को भी साझा किया, जो अपने छोटे-छोटे प्रयासों से समाज में बड़ा परिवर्तन ला रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए देशवासियों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की।


उन्होंने कहा कि किसी भी चुनौती से निपटने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों की एकजुटता ही सबसे बड़ी ताकत है। वहीं, खेलों के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर पश्चिमी मंडल महामंत्री शंभू झा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष माधव झा, गोपाल किशन, श्रवण झा, मणि शंकर सिन्हा, महेंद्र नारायण चौधरी, कैलाश पंडित, रमन कुमार, अमित कुमार, रमाकांत सिंह समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता विभिन्न बूथों पर मौजूद रहकर कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।







