समस्तीपुर में युवक को गोली मार कर गंभीर रूप से किया गया जख्मी, पटना रेफर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

समस्तीपुर में युवक को गोली मार कर गंभीर रूप से किया गया जख्मी, पटना रेफर

Doorbeen News Desk : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चकनूर गांव में बुधवार की देर शाम हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान दुधपुरा गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार के 21 वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार के रूप में की गई है। सीने में गोली लगने के बाद उसकी हालत नाजुक हो गई, जिसके बाद उसे शहर के आदर्शनगर स्थित कृष्णा इमरजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देर रात बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।

 

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गोली लगते ही अनमोल कुमार मौके पर ही गिर पड़ा और काफी खून बहने लगा। लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि गोलीबारी की घटना के पीछे आपसी विवाद कारण हो सकता है। हालांकि विवाद का सही कारण क्या था और गोली किसने चलाई, इसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के समय युवक किन लोगों के साथ था और वह वहां किस उद्देश्य से गया था।

इधर घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आ पाएगी।

इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेज दिया गया था। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *