व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
सोनपुर मंडल में मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव से उल्लेखनीय सफलता, इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 49,81,34,561 रुपया का राजस्व
Doorbeen News Desk: सोनपुर मंडल में 9 मार्च को वाणिज्य विभाग द्वारा व्यापक पैमाने पर मेगा टिकट चेकिंग ड्राइव चलाया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री रौशन कुमार के निर्देशन एवं मंडल वाणिज्य टीमों की समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप इस अभियान ने अत्यंत सकारात्मक उपलब्धियाँ दर्ज कीं।

इस विशेष जांच अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में टिकट जांच टीमों ने कुल 2871 मामलों में बिना टिकट एवं अनियमित टिकट से यात्रा कर रहे यात्रियों को पकड़ा। इनसे ₹18,27,041/- की राजस्व वसूली की गई, जो मंडल के राजस्व संरक्षण के प्रयासों को और मजबूत करती है।
सोनपुर मंडल में निरंतर सघन टिकट जांच अभियान जारी है। विदित हो कि इस वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 7,40,703 बेटिकट यात्रियों से कुल 49,81,34,561 रुपया का रेल राजस्व अर्जित किया है।

यह यात्रियों में टिकट लेकर यात्रा करने की बढ़ती जागरूकता, मंडल की सतत मॉनिटिरिंग तथा टिकट जांच टीमों की प्रभावी कार्यशैली का परिणाम है।
सोनपुर मंडल द्वारा टिकट जांच अभियान केवल राजस्व संरक्षण ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि अवैध यात्रा पर प्रभावी रोक लग सके और अधिक से अधिक यात्री समुचित टिकट लेकर यात्रा करने के लिए प्रेरित हों।
सोनपुर मंडल भारतीय रेल के राजस्व एवं सेवा गुणवत्ता में सतत सुधार के लिए प्रतिबद्ध है।







