व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
रसोई गैस सिलेंडर में धमाका, 11 लोग झुलसे, लौरिया बाजार में अफरा-तफरी
Doorbeen News Desk: पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया रसोई गैस सिलेंडर में धमाका, 11 लोग झुलसे, लौरिया बाजार में अफरा-तफरी, सभी घायलों को बेतिया रेफर।
लौरिया। लौरिया नगर पंचायत क्षेत्र में यूनियन बैंक के सामने शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे एक मीट दुकान पर छोटे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़कने से बड़ा हादसा हो गया।

देखते ही देखते सिलेंडर में तेज धमाका हुआ और आग की लपटें फैल गईं। घटना में दुकानदार सहित आसपास मौजूद ग्राहक और राहगीर मिलाकर कुल 11 लोग झुलस गए। धमाके की आवाज सुनते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया गया।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल बेतिया रेफर कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन कुछ लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं।
घायलों में गोविंद राय (34), विनय कुमार शुक्ला (32), गुलाब पटेल, प्रेमनाथ कुमार (25), अमरजीत कुमार (30), नितीश कुमार (25), कृष्णा ठाकुर (35), भूल देवी (35), बेबी कुमारी (5), सीता देवी तथा एक अन्य छह वर्षीय बच्ची शामिल हैं।
सभी का इलाज चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और पीड़ितों का हालचाल जाना। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ ने व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू की बजाय कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही अस्पताल के आसपास यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए।







