व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें
सारण-दरभंगा और भागलपुर के आयुक्त बदले, तीन नए विभागों में सचिव की तैनाती
Doorbeen News Desk: राज्य सरकार के तीन नये विभागों में सचिव की तैनाती की गई है। इसके साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के पांच अधिकारियों को नई जिम्मेवारी सौंपी गई है। सारण, दरभंगा और भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त का तबादला कर दिया गया है। राज्य सरकार के नवगठित विभागों में शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन नियुक्त किए गए हैं। वे इसके पूर्व सारण के प्रमंडलीय आयुक्त की जिम्मेवारी संभाल रहे थे।


वहीं, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव डॉ. कौशल किशोर बनाए गए हैं। वे इसके पहले दरभंगा के प्रमंडलीय आयुक्त थे। निलेश रामचंद देवरे को सिविल विमानन विभाग का प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है। वे इसके पहले मंत्रिमंडल समन्वय विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात थे। गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव अजय यादव को शिक्षा विभाग के सभी प्रकार के दायित्वों एवं प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।


वहीं, मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह को भागलपुर प्रमंडल के आयुक्त की अतिरिक्त जिम्मेवारी सौंपी गई है। जबकि, भागलपुर के प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय का तबादला करते हुए उन्हें दरभंगा का प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। साथ ही हिमांशु कुमार राय को तिरहुत एवं सारण प्रमंडलों के प्रमंडलीय आयुक्तों का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।






