कायाकल्प कार्यक्रम के तहत दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल राज्य स्तर पर हुआ अव्वल

यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल को कायाकल्प कार्यक्रम के तहत मानकों पर खरा उतरने पर राज्य स्तर पर अनुमंडल अस्पताल श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ ईको फ्रेंडली अस्पताल श्रेणी में भी यह विजेता बना है। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के स्वास्थ्य सचिव सह कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने बुधवार को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।

अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के पुरस्कारों के लिये घोषित अनुमंडल अस्पताल श्रेणी में राज्य में अव्वल आने पर दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल को 15 लाख रुपये तथा सर्वश्रेष्ठ ईको फ्रेंडली अस्पताल श्रेणी में वीनर होने के लिये 5 लाख (कुल 20 लाख) रुपये मिलेंगे। अस्पताल के रोगी कल्याण समिति को मिलने वाली इस राशि मे से 25 प्रतिशत अस्पताल के कर्मचारियों को प्रोत्साहन के रूप में नकद दिये जायेंगे।

शेष 75 प्रतिशत दर्शायी गई कमियों को पूरा करने पर खर्च किये जायेंगे। विदित हो कि कायाकल्प की टीम ने अस्पताल में विभिन्न 500 प्वाइंट को देखा एवं परखा था। इसके बाद ही अस्पताल को यह गौरव हासिल हो सका है। इससे अस्पताल के चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों में हर्ष व्याप्त है। डीसीक्यू डॉ ज्ञानेन्द्र कुमार ने बताया कि जिले के लिए गौरव का क्षण है। दलसिंहसराय अनुमंडल अस्पताल पूरे बिहार में अव्वल है। सीएस डॉ एसके चौधरी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग लगातार कई उपलब्धि को हासिल कर चुका है।

अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण अस्पताल परिसर की चौबीस घंटे बेहतर साफ-सफाई, खुले में शौचमुक्त परिसर, पेयजल की उन्नत क्वालिटी, कीड़ा, मकोड़ा एवं चिड़ियों के घोसला रहित क्षेत्र, विषाणु रहित ओटी, लेबर रूम एवं अस्पताल का लैब, कॉरीडोर में चेकलिस्ट, हर्बल गार्डन, तनाव दूर करने के लिये पार्क, मरीजों के परिजनों के लिये प्रतीक्षालय, ओपीडी में टीवी की सुविधा, स्पीकर से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का प्रसारण, ऑटी में फॉगिंग,

भवन का आउटलुक (टूटा या क्षतिग्रस्त न हो), मेडिकल कचरा का डिस्पोजल, मरीजों को दिये जानेवाले भोजन की गुणवत्ता एवं कर्मियों के कार्य करने के तरीके की बदौलत ही इस अस्पताल को यह उपलब्धि मिली है। उन्होंने बताया कि एक साथ दो-दो श्रेणियों में पुरस्कार मिलने अस्पताल में कार्यरत कर्मियों का मनोबल बढ़ा है। इस दिशा में आगे और बेहतर करने का समवेत रूप से प्रयास किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *