यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के पूसा थाना के हरपुर नारायणपुर गांव के निकट युवक को गोली मार जख्मी करने के मामले में पांच नामजदों पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। जख्मी युवक सुदीश कुमार उर्फ एंथनी के पिता हरपुर पूसा निवासी रामनरेश महतो के बयान पर दर्ज की गयी प्राथमिकी में हरपुर नारायणपुर गांव के सुमंत कुमार उर्फ चुन्नू, परमानंद कुमार, रामानंद कुमार, हरपुर पूसा के राहुल कुमार एवं मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकनूर गांव के सिद्धार्थ कुमार को नामजद किया गया है।


प्राथमिकी के लिए दिये गये आवेदन में जख्मी के पिता ने बकाया राशि के विवाद को घटना का कारण बताया है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चन्द्रकांत गौरी ने बताया कि जख्मी के पिता ने आवेदन में कहा है कि बकाया राशि की मांग करने पर नारायणपुर के लीची गाछी में बुलाकर नामजद आरोपियों ने उसके पुत्र के गोली मार दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। बता दें कि बीते 22 नवम्बर की शाम बदमाशों ने हरपुर नारायणपुर लीची बागीचे के निकट एंथनी को गोली मार कर जख्मी कर दिया था।


फिलहाल पटना के एक निजी क्लीनिक में उसका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि जख्मी युवक की हालत में सुधार होने लगा है। बतादें की घटना के बाद परिजनों ने समस्तीपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण पटना रेफर कर दिया गया। इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। फिलहाल नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस छापेमारी करने में जुटी है।







