यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र में सीएसपी लूट को पहुंचे अंतरजिला के पांच बदमाशों को हथियारों के साथ पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी विनय तिवारी ने बताया कि जिले में लगातार हो रही सीएसपी लूट को देखते हुए विभिन्न थानों में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इसी के तहत चकमेहसी में भी कुछ अपने लड़कों को अपराधियों के गिरोह में शामिल किया गया। ताकि अपराधियों की गतिविधि एवं उसकी जानकारी पुलिस तक पहुंच सके।


इसी कड़ी में चकमेहसी में लूटने की योजना से पहुंचे पांच बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि चकमेहसी थाना के परना से कलौंजर जाने वाली सड़क में बागमति नदी के पास स्थित आम के बगीचे में कुछ बदमाशों के पहुंचने एवं अपराध की योजना बनाने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में चकमेहसी व पूसा पुलिस ने छापेमारी करते हुए पांच बदमाशों को हथियारों एवं बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक अपराधी फरार हो गया।


एसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में मुजफ्फरपुर जिला के हत्था ओपी के लोहरखा के अभिषेक कुमार, कल्याणपुर के रोशन कुमार, मनीष कुमार, कल्याणपुर थाना के जितवरिया के शिवम कुमार एवं चकमेहसी थाना के सोरमार के निरज कुमार शामिल है। इसके पास से एक लोडेड नाइन एमएम देशी पिस्टल, एक देशी पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस, पांच मोबाइल एवं एक बाइक बरामद किया गया है। यह पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की भी तलाश की जा रही है।

एसपी ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि इन लोगों के द्वारा सीएसपी संचालक से लूटपाट करने की घटना को अंजाम देने के लिए जमा हुए थे। इसी दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों के द्वारा पूर्व में भी कई घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है। गिरफ्तार सभी बदमाशों का अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। साथ ही फरार एवं गिरोह के अन्य अपराधियों की खोज को छापेमारी जारी है।






