समस्तीपुर। समस्तीपुर मुफस्सिल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कन्हैया चौक स्थित टी कॉफी शॉप की दूकान में छापेमारी की। इस दौरान दूकान में जांच के दौरान बैग में छिपाकर रखा गया देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। जिसके बाद पुलिस ने टी कॉफी संचालक जितवारपुर निजामत कन्हैया चौक निवासी कन्हैया कुमार को गिरफ्तार किया। इस संबंध में सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि किसी अपराध की योजना बनाने की सूचना पर छापेमारी की गयी थी। इस दौरान दूकानदार को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। साथ ही इसमें शामिल अन्य बदमाशों की भी पहचान कर ली गयी है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।



इधर, इस मामले में मुफस्सिल थाना के दारोगा विशाल प्रताप सिंह के बयान पर चार लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। जिसके बाद फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया चौक के एक टी कॉफी शॉप में कुछ बदमाशों के जमा होकर नशा पान करने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद मुफस्सिल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर दारोगा विशाल प्रताप सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों के द्वारा शनिवार की शाम छापेमारी की गयी। इस दौरान पुलिस के पहुंचते ही तीन चार युवक शहर की ओर फरार हो गया।



जिसके बाद पुलिस ने दुकान की जांच की। इस दौरान बैग में छिपाकर रखा गया पिस्टल व गोली बरामद किया गया। इसके बाद कॉफी शॉप संचालक कन्हैया कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार किया। साथ ही अन्य फरार युवकों के बारे में भी पूछताछ की। इस दौरान कन्हैया कुमार ने जितवारपुर के ही दो व्यक्ति से 43 हजार रुपए में पिस्टल खरीदने की बात पुलिस को बताया। डीएसपी ने बताया कि इस मामले में फरार अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। शीघ्र ही सभी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।





