समस्तीपुर में जन्मदिन समारोह में हथियार के प्रदर्शन के वायरल वीडियो मामले में बबलू सिंह व मंटून पर प्राथमिकी दर्ज, रंगदारी मांगने व धमकाने का भी लगा आरोप

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर हथियार प्रदर्शन करने के वायरल वीडियो की जांच के बाद रोसड़ा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर प्रसुंजय कुमार ने अपने सेल्प स्टेटमेंट के आधार पर रोसड़ा थाना में कांड संख्या 576/23 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। जिसमें रोसड़ा थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी सुशील सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं केलवनी सहियार डीह के मंटून दास को नामजद किया गया है। इन दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 385, 387, 34 आईपीसी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। जिसकी जांच की जवाबदेही एसआई अखिलेश कुमार सिंह को दिया गया है।


दर्ज मामले के अनुसार रोसड़ा थाना के दामोदरपुर का एक वीडियो वायरल हो रहा था। जो बबलू सिंह के भगिना के जन्मदिन के अवसर पर 21 मार्च 2023 की रात में आयोजित कार्यक्रम की है। उक्त कार्यक्रम के दौरान दो व्यक्तियों के द्वारा अवैध हथियार लेकर स्टेज पर बार बालाओं के साथ प्रदर्शन किया जा रहा है। वायरल वीडियो में अवैध हथियार के प्रदर्शन कर रहे दो व्यक्तियों की पहचान दामोदरपुर के सुशील सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं केलवनी सहियार डीह के मंटून कुमार के रुप में की गयी। इसके बाद थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने 24 सितंबर को अवैध हथियार के बरामदगी एवं दोनों की गिरफ्तारी के लिए दलबल के साथ दामोदारपुर एवं केलवनी सहियार डीह में छापेमारी की गयी। लेकिन दोनों फरार पाए गए।

प्राथमिकी में कहा गया है कि सूचना संकलन से ज्ञात हुआ कि बबलू सिंह अपने सहयोगी मंटून कुमार के साथ मिलकर आम जनता से रंगदारी मांगने, डराने धमकाने तथा दहशत फैलाने के लिए हथियार लेकर प्रदर्शन करता है तथा लोगों से रंगदारी भी वसूल करता है। बबलू सिंह के भय से गांव के लोग काफी भयभीत रहते हैं। जिसके कारण अवैध हथियार रखकर प्रदर्शन करने व लोगों से रंगदारी वसूल करने के आरोप में दामोदरपुर के सुशील सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं केलवनी सहियार डीह के मंटून कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी।


विदित हो कि उक्त वीडिया पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। जिसके बाद रोसड़ा पुलिस ने मामले की जांच की और प्राथमिकी दर्ज की। बतादें कि रोसड़ा पत्रकार हत्याकांड सजायाफ्ता एवं उपमुख्य पाषर्द पति हत्याकांड में भी बबलू सिंह आरोपित हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *