समस्तीपुर। समस्तीपुर जिला मुख्यालय में बुधवार की देर शाम एक महिला सिपाही ने खुदकुशी कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक महिला की पहचान अर्चना कुमारी के रूप में की गई है, जो 112 पुलिस टीम के कंट्रोल रूम में कार्यरत थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा में हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि मृतक महिला सिपाही अर्चना कुमारी के पति सुमन कुमार भी बिहार पुलिस में ही सिपाही के पद पर कार्यरत है। यह गया जिला के रहने वाले हैं।


मिली जानकारी के अनुसार महिला सिपाही 112 पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत थी। नगर थाना परिसर स्थित वायरलेस भवन के ऊपर में कंट्रोल रूम संचालित है। जहां बुधवार की देर शाम महिला सिपाही ने खुदकुशी कर ली। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस कर्मियों ने तत्काल महिला सिपाही को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां ऑन ड्यूटी चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला सिपाही को मृत घोषित कर दिया।


इसकी सूचना मिलते ही दर्जनों पुलिसकर्मी व कई पुलिस अधिकारी सदर अस्पताल पहुंच गए हैं। इस संबंध में नगर थाना अध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि महिला सिपाही के द्वारा खुदकुशी किए जाने की जानकारी है। मामले की जांच की जा रही है। घटना का कारण अभी पता नहीं चला है।







