समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस ने जनता दरबार को अब पूरी तरह डिजिटल बनाने की तैयारी में जुट गया है। इसके तहत समस्तीपुर एसपी ने अब फरियादियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फरियाद सुन रहे हैं। अब पीड़ित को समस्तीपुर पुलिस कार्यालय तक की यात्रा करने के बजाय नजदीकी पुलिस कार्यालय थाना तक जाना होगा और अपनी फरियाद के लिए थाना में रजिस्ट्रेशन करा कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधे एसपी से जुड़कर अपनी बात को रख सकते हैं। वीडियो कांफ्रेंसिंग सुविधा से जहां आम लोगों को समय की बचत होगी, वही परेशानी से भी बच सकेंगे। इससे अब जनता दरबार में आकर अपनी फरियाद करने या फिर पुलिस कार्यालय का चक्कर लगाने की जररुत नहीं है। अब फरियादी या पीड़ित अपने थाना पर से भी सीधे एसपी से जुड़कर अपनी समस्या या फरियाद लगा सकते हैं। इसके लिए पुलिस विभाग ने डीजीटल संवाद को बढ़ाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग की सुविधा शुरु किया है।


इसके तहत अब पीड़ित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर अपनी बात एसपी तक पहुंचा सकते हैं। इसके लिए कोई भी पीड़ित व्यक्ति अपने नजदीकी थाना, सर्किल इंस्पेक्टर कार्यालय या फिर डीएसपी कार्यालय जाकर अपना निबंधन कराएंगे। साथ ही निर्धारित समय पर वो डीजीटल संवाद के तहत एसपी से जुड़ेंगे। समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रतिदिन दिन के 12 बजे से लेकर अपराह्न एक बजे तक वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पीड़त व्यक्ति नजदीकी थाना, अंचल पुलिस निरीक्षक कार्यालय एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के कार्यालय में जाकर निबंधन कराएंगे।


साथ ही प्रत्येक थाना व कार्यालय में टोकन की व्यवस्था की गई है। अपने टोकन संख्या के अनुसार निर्धारित तिथि को ही अपनी समस्याओं को पुलिस अधीक्षक के समक्ष रख पाएंगे।
अगर किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अपने थाना पर जाने में किसी भी प्रकार की परेशानी हो। थानाध्यक्ष या कांड अनुसंधानक से कोई शिकायत हो तो ऐसे फरियादी नजदीकी सर्किल इंस्पेक्टर या फिर डीएसपी कार्यालय से भी जुड़ सकते हैं। जहां से वह नि:संकोच अपनी बातों को रखेंगे।
आम लोगों की समस्याओं को जानने एवं समझने के लिए पुलिस अधिकारी के द्वारा फेसबुक लाइव भी आ रहे हैं। इसके तहत प्रत्येक दिन तीन-तीन थानाध्यक्ष फेसबुक लाइव से जुड़कर अपनी उपलब्धियों को बता रहे हैं।


साथ ही कमेंट बॉक्स के माध्यम से जनता से उनकी समस्या, सुझाव आदि भी मांगा जा रहा है। जिसे सोशल मीडिया टीम के द्वारा अंकित कर अगले फेसबुक लाइव में की गयी कार्रवाई के बारे में बताया जाएगा। फेसबुक लाइव के दौरान जनता के द्वारा समस्याओं से अधिक गुड मॉर्निंग, जय हिंद आदि संबोधन किया जाता है। इसको लेकर एसपी विनय तिवारी ने लोगों से अपील की है कि थानाध्यक्ष के फेसबुक लाइव के दौरान संबंधित थाना क्षेत्र की समस्या, केस से संबंधित जानकारी, अनुसंधान के बारे में ही कमेंट करें। गुड मॉर्निंग, नमस्कार, जय हिंद, हेला सर आदि कमेंट करने से बचना चाहिए। ऐसे में लाइव रहने वाले अधिकारी को जरुरी मैसेज को पढ़ने व जवाब देने में परेशानी हो रही है।





