समस्तीपुर में दिवंगत दारोगा नंद किशोर हत्याकांड में 6ठा आरोपी हैदराबाद से हुआ गिरफ्तार

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के तत्कालीन मोहनपुर ओपी अध्यक्ष स्व नंदकिशोर यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। समस्तीपुर एसआईटी ने हैदराबाद से 6ठा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के आरोपित पिंटू यादव उर्फ पिंटू गोप को पटोरी पुलिस ने हैदराबाद के समीप, संगारेड्डी जिले से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी टीम में पटोरी के अवर थानाध्यक्ष सह अनुसंधानकर्ता मनोज कुमार एवं मोहनपुर ओपी अध्यक्ष कृष्ण चंद्र भारती शामिल थे।

गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए एसपी विनय तिवारी ने बताया कि 15 अगस्त को मोहनपुर ओपी अध्यक्ष हत्या कांड में पिंटू यादव भी शामिल था। वह नालंदा जिले के चिकसौरा थाना क्षेत्र के भवानी बिगहा निवासी सूरज यादव का पुत्र है। घटना के बाद जब पुलिस की चौकसी बढ़ी तो वह पटना के रास्ते हैदराबाद और फिर वहां से संगा रेड्डी जिले के बीडीएल भानुर थाना क्षेत्र के नंदी गांव स्थित भोला नाथ फ्लावर मिल में काम करने लगा। भोला पर बिहार के कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। भैंस चोरी की घटनाओं में उसे शातिर माना जाता है।


ज्ञात हो कि 14 अगस्त की रात मोहनपुर ओपी अध्यक्ष नंदकिशोर यादव भैंस चुराने वाले अपराधियों को पकड़ने गए थे। इस दौरान अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। इलाज के दौरान 15 अगस्त को उनका निधन हो गया था। दारोगा हत्याकांड के बाद एसपी विनय तिवारी ने एसआईटी की तीन टीमें गठित की थी, जिसने मात्र 4 दिनों में ही मामले का उद्भेदन करते हुए चार अपराधियों को नालंदा से दबोच लिया था। इस घटना में शामिल ट्रक ड्राइवर विपिन को पुलिस ने जहानाबाद से गिरफ्तार कर लिया था। इसी कड़ी में पिंटू यादव की गिरफ्तारी तेलंगाना से हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *