समस्तीपुर। आशा संयुक्त संघर्ष मंच के बैनर तले आशा कार्यकर्ताओं एवं फैसिलिटेटर के द्वारा सोमवार को विजय जुलूस निकाली गयी। 32 दिनों तक जारी राज्यव्यापी आंदोलन के समाप्ति के बाद इसे विजय दिवस के रुप में मनाया गया। इससे पूर्व अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ स्थल पर आशा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के नौ सूत्री मांगों पर गंभीरता पूर्वक विचार करते हुए सरकार ने कुछ मांगों को छोड़कर उन सभी महत्वपूर्ण मांगों को मान लिया है। यह आशा कार्यकर्ताओं के एकजुटता एवं संघर्षपूर्ण आंदोलन का नतीजा है।




विजय जुलूस में आशा संघ के जिला मंत्री सुनीता प्रसाद, महासंघ के जिला मंत्री राजीव रंजन, पूर्व राज्याध्यक्ष लक्ष्मीकांत झा के अलावे सुनीता चौरसिया, पूनम कुमारी, बबीता कुमारी, सुधा कुमारी, नमीना कुमारी सहित दर्जनों आशा कार्यकर्ता एवं फैसिलिटेटर शामिल हुए। विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: महासंघ स्थल पर पहुंच कर विजय जुलूस संपन्न हो गया। इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर आंदोलन के जीत की बधाई दी।








