समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के हलई ओपी क्षेत्र के मरिचा पंचायत के वार्ड संख्या दस में एक युवक की लाश बरामद हुई है। युवक की नंगी लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। मृतक युवक की उम्र लगभग 28 साल बताई गई है। मरिचा पंचायत के वार्ड संख्या दस स्थित मरिचा सरहत चौर में पानी में लाश मिलने की सूचना पुलिस को दी गई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच मामले की जांच में जुट गयी। वही लाश मिलने की सूचना पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन शव की पहचान नही हुई है। इधर समस्तीपुर पुलिस में अज्ञात शव मिलने के बाद घटना की जांच में जुट गई है।

साथ ही समस्तीपुर पुलिस ने सोशल मीडिया से भी यह जानकारी शेयर की है। ताकि अज्ञात शव की पहचान की जा सके। इस मामले में पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। शव की पहचान नहीं होने तक शव को पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित ही रखा जाएगा, ताकि उसकी पहचान हो सके।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह कुछ लोग खेत देखने चौर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान चौर में एक युवक की लाश पायी गयी। युवक की लाश नग्न हालत में थी। युवक की लाश पर एवं आसपास कोई भी कपड़ा नहीं था। इससे संभावना जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को फेंक दिया गया है।


साथ ही साक्ष्य छुपाने की दृष्टिकोण से लाश को यहां लाकर फेंके जाने की भी पुलिस आशंका जता रही है। फिलहाल पुलिस युवक की तस्वीर को लेकर जिले के आसपास के थाना क्षेत्र को भी भेजा है। ताकि युवक की पहचान आसानी से हो सके। इधर नग्न हालत में युवक के शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही है।

आखिर युवक की लाश कहां की है और नग्न हालत में क्यों फेंका गया है। पानी में फेंक गए लाश तो स्थानीय लोगों की मशक्कत से पुलिस ने बाहर निकाला। घटनास्थल पर मौजूद सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ से शव को पहचान कराने का प्रयास किया गया। लेकिन समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई।






