
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में लूट, चोरी, छिनतई एवं गृहभेदन के दौरान गायब किए गए मोबाइलों को बरामद करने का सिलसिला जारी है। मिशन अरुणोदय के तहत समस्तीपुर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी मात्रा में लूट चोरी और छिनतई के मोबाइल को बरामद किया है। एसपी विनय तिवारी के नेतृत्व में मोबाइल रिकवरी टीम ने अब तक एक करोड़ 68 लाख रुपए मूल्य के मोबाइल बरामद किया है।

मिशन अरुणोदय के तहत समस्तीपुर पुलिस ने आठवी फेज में एक बार फिर लूट, चोरी, गृहभेदन में गायब हुए 36 लाख रुपए मूल्य के 151 मोबाइल बरामद किया है। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जिले में जनवरी से अब तक चलाए गए अभियान में एक करोड़ 68 लाख रुपए मूल्य के 420 मोबाइल बरामद किया जा चुका है।

आठवी फेंज में 151 बरामद मोबाइल कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद संबंधित व्यक्ति को उपलब्ध करा दिया गया है। एसपी ने बताया कि मोबाइल रिकवरी टीम की यह बड़ी उपलब्धि है। टीम एक ने 31, दो ने 40, टीम तीन ने 23, टीम चार ने 37 एवं टीम पांच ने 20 मोबाइल बरामद किया है। एसपी ने बताया कि टीम के द्वारा लगातार बेहतर कार्य किया जा रहा है। पिछले महीने की तुलना में इस बार 25 प्रतिशत अधिक की उपलब्धि हुई है।

बता दें कि समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी द्वारा जब जनवरी 2023 में समस्तीपुर जिले की कमान संभाली गई। फिर इसके बाद अपराधियों पर एवं क्राइम कंट्रोल करने की दिशा शिकंजा कसने के लिए अलग अलग टीम बनाकर कार्य योजना तैयार की गई।

इसी कड़ी में मोबाइल रिकवरी एवं बाइक रिकवरी टीम का भी गठन किया गया। जिसके द्वारा लूट, चोरी व छिनतई के बाइक व मोबाइल रिकवरी के लिए टीम कार्य करना शुरू किया। जिसके बाद लाखों रुपए मूल्य के बाइक व मोबाइल बरामद किया जा चुका है।







