धन कुबेर निकला पुल निर्माण निगम लिमिटेड के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर श्रीकांत शर्मा, निगरानी ब्यूरो की विशेष टीम की छापेमारी में करोड़ों की संपत्ति मिली

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

भागलपुर। आय से अधिक संपत्ति मामले में पुल निर्माण निगम लिमिटेड के सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर श्रीकांत शर्मा के ठिकाने पर निगरानी ब्यूरो की विशेष टीम ने छापेमारी की। बुधवार की सुबह भागलपुर में हनुमान नगर मोहल्ला स्थित इंजीनियर के चार मंजिला मकान पर जांच टीम ने धावा बोला। तलाशी में नोटों से भरे दो सूटकेश मिले। गिनती करने पर 97.80 लाख नकद निकले।

सवा किलो सोने के आभूषण के अलावा एक सोने की बिस्कुट और 3 किलो 230 ग्राम चांदी के गहने बरामद हुए हैं। इनका मूल्य करीब 69 लाख रुपये आंका जा रहा है। लगभग 30 स्थानों पर जमीन-जायदाद से संबंधित कागजात मिले हैं। इसमें जमीन के प्लॉट से जुड़े कागजात सर्वाधित हैं। ये प्लॉट पटना, भागलपुर, देहरादून, ऋषिकेश और मुंगेर में हैं। कुछ स्थानों पर फ्लैट और मकान की बात भी सामने आई है।

भागलपुर स्थित इनके कार्यालय में भी सर्च किया गया है। अब तक की जांच में शर्मा के खिलाफ आय से 3.18 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति पकड़ी गई है। 18 पासबुक, पॉलिसी के 10 से ज्यादा कागजात मिले हैं। तमाम बैंक खातों में भी लाखों रुपये जमा हो सकते हैं। फिलहाल इनमें रखी पूरी राशि का विवरण संबंधित बैंकों से प्राप्त किया जा रहा है। इन सभी खातों में हुए लेन-देन की भी जांच होगी।

भागलपुर वाले चार मंजिला घर की आंतरिक साज-सज्जा किसी पांच सितारा होटल की तर्ज पर की गई है। करोड़ों की साज्ज-सज्जा के बारे में भी जांच टीम तफ्तीश करने में जुटी हुई है। इसमें खर्च की जांच की जाएगी।

निगरानी ब्यूरो की टीम बरामद 97.80 लाख नकद को लेकर इनसे अलग से पूछताछ करेगी। यह जानेगी कि ये रुपये कहां से आए और किनके हैं। इसमें किसी अन्य की भी क्या हिस्सेदारी है या पूरी राशि इनकी ही है। क्या किसी प्रोजेक्ट या मामले में इतनी मोटी राशि घूस के तौर पर ली गई है? इन सभी पहलुओं की निगरानी ब्यूरो अलग से जांच करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *