समस्तीपुर। फाईलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत पिछले महीने चलाए गए रक्त पट संग्रह कार्यक्रम के तहत जिले में 253 नए मरीजों की पहचान की गयी है। समस्तीपुर नगर निगम सहित जिले के सभी 20 प्रखंडों में दो-दो स्थानों पर शिविर लगाकर रक्तपट संग्रहण कार्यक्रम किया था। जिसमें समस्तीपुर नगर निगम सहित 18 प्रखंडों में उक्त 253 नए मरीजों को चिंहित किया गया है।

जबकि विद्यापतिनगर एवं मोहनपुर प्रखंड में संग्रह किए गए नमूनों की जांच करने की प्रक्रिया जारी है। डीएमओ डॉ. विजय कुमार ने कहा कि रक्त पट संग्रहण कार्यक्रम के तहत चिंहित किए गए मरीजों के क्षेत्रों में विशेष फोकस करते हुए लोगों को एमडीए कार्यक्रम के तहत दवा खिलायी जाएगी।

उन्होंने कहा कि रक्तपट संग्रहण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक प्रखंडों में दो-दो स्थानों पर शिविर लगाया गया था। जिसमें प्रत्येक प्रखंडों में छह-छह सौ लोगों से रात में ब्लड का सैंपल लिया गया था। जिसकी जांच के बाद अब तक ढाई सौ से अधिक फाईलेरिया पॉजेटिव मरीज मिल चुका है।

इस अभियान के तहत रोसड़ा प्रखंड में चिंहित किए गए क्षेत्रों में सर्वाधिक 36 मरीजों की पहचान की गयी है। रोसड़ा के बैद्यनाथपुर में 17 एवं उदयपुर में 19 मरीज मिला। इसी प्रकार दलसिंहसराय में 27, समस्तीपुर नगर निगम में 22, कल्याणपुर में 19, वारिसनगर व मोरवा प्रखंड में 15-15 मरीज चिंहित किया गया है।

इसी प्रकार सिंघिया में 14, बिथान में 13, उजियारपुर में 12, ताजपुर में 11, खानपुर,पटोरी व हसनपुर में 10-10 मरीज पॉजेटिव मिला। जबकि समस्तीपुर में आठ, विभूतिपुर, सरायरंजन व शिवाजीनगर में सात-सात, मोहिउद्दीननगर में छह तथा सबसे कम पूसा में चार फाईलेरिया के नए मरीज चिंहित किए गए।

फाईलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में एमडीए अभियान 10 अगस्त से चलाया जाएगा। इसके तहत जिले में फाईलेरिया उन्मूलन के लिए लोगों को दवा खिलायी जाएगी। जिसमें दो वर्ष से नीचे एवं गंभीर रुप से बीमार व गर्भवति महिलाओं को यह दवा नहीं खिलायी जाएगी। इस अभियान को लेकर स्वास्थ्य विभाग तैयारी में जुटी है।







