समस्तीपुर मंडल संसदीय समिति की बैठक का आयोजन, समस्तीपुर मंडल के 24 स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना एवं आदर्श स्टेशन के तहत मिली स्वीकृति

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक का आयोजन समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। इस बैठक में समस्तीपुर मंडल क्षेत्राधिकार के सांसदगण व उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता खगड़िया के सांसद चौधरी महबूब अली कैसर द्वारा की गयी।

इस दौरान सभी सांसदगण द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास हेतु अपने-अपने सुझावों को रखा गया। इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक अनुपम शर्मा, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आलोक अग्रवाल सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक में सांसदगण ने रेल विकास व यात्री सुविधाओं में और वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये। माननीय सांसदगण द्वारा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया। साथ ही बैठक में भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई।

इसके पूर्व बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक अनुपम शर्मा ने सांसदगण एवं माननीय सांसद के प्रतिनिधिगण का स्वागत किया। महाप्रबन्धक ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि समस्तीपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधा की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा हेतु दरभंगा, सहरसा, मधुबनी एवं समस्तीपुर स्टेशन पर लिफ्ट की व्यवस्था की गई एवं मंडल के 08 स्टेशनों पर उपरगामी पुल का प्रावधान किया गया।

साथ ही 3 अन्य स्टेशन पर उपरगामी पुलों का विस्तार भी किया गया। पिछले एक वर्ष में 358 किलोमीटर रेलमार्ग का विद्युतीकरण, 72 किलोमीटर रेलमार्ग का दोहरीकरण, 48 किलोमीटर रेलमार्ग का आमान परिवर्तन किया गया है तथा 11 किलोमीटर नई लाइन भी खोली गयी हैं । यात्री सुविधा में उन्नयन के लिए समस्तीपुर मंडल के 24 स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना एवं आदर्श स्टेशन के तहत स्वीकृति प्राप्त हुई है।

महाप्रबन्धक ने सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूप-रेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा।

बैठक में मुजफ्फरपुर सांसद अजय निषाद, वाल्मिकीनगर सांसद सुनील कुमार, अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, झंझारपुर सांसद रामप्रीत मंडल, सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत, दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, मधुबनी सांसद अशोक कुमार यादव तथा ल सांसद राज्य सभा रामनाथ ठाकुर उपस्थित थे।

इनके अलावा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री, भारत सरकार गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि राजीव वर्मा, गृह राज्य मंत्री भारत सरकार नित्यानंद राय के प्रतिनिधि शिव कुमार सिंह, पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल के प्रतिनिधि अखिलेश सिंह, सीतामढ़ी माननीय सांसद सुनील कुमार पिंटू के प्रतिनिधि संजय कुमार पप्पु, राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा के प्रतिनिधि नीरज नवीन, राज्यसभा सांसद डॉ. फैयाज अहमद के प्रतिनिधि विष्णुदेव सिंह यादव एवं समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज के प्रतिनिधि विनय कुमार चौधरी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *