समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के श्रीनाथ पारण गांव में जमीनी विवाद को लेकर कुछ लोगों ने अधिवक्ता की बेरहमी से पिटाई कर दी। जख्मी अधिवक्ता मनोज कुमार को परिजनों के द्वारा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डॉक्टरों के द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।

सदर अस्पताल में इलाजरत जख्मी अधिवक्ता मनोज कुमार ने बताया कि वे समस्तीपुर व्यवहार न्यायालय में अधिवक्ता का कार्य करते हैं। जिसके कारण वह समस्तीपुर में ही रहते हैं। उनका पैतृक गांव चकमेहसी थाना क्षेत्र के श्रीनाथ पारण गांव में है।

वो पत्नी के साथ शुक्रवार को नाग पंचमी की पूजा करने घर गए थे। इसी दौरान पड़ोस के ही कुछ ग्रामीण हुजूम बनाकर उनके घर पर पहुंचे और घर में घुसकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

जानलेवा हमला में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रॉड से हमला करने से अधिवक्ता का सिर में भी काफी जख्म है। जिसे इलाज के दौरान कई टांका लगाया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद परिजन उन्हें कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया लेकिन स्थिति गंभीर होने के बाद उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के बाद अधिवक्ता मनोज कुमार ने कई लोगों को आरोपित करते हुए पुलिस को अपना फर्द बयान दर्ज कराया है।

इधर, घटना की सूचना पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष राम सुमिरन सिंह, एनजीओ संघ के प्रदेश सचिव सह अधिवक्ता संजय कुमार बबलू सहित कई लोग अस्पताल पहुंचकर जख्मी अधिवक्ता का हालचाल जाना साथ ही इस मामले में पुलिस से न्यायिक पूर्ण जांच कराने की मांग की है।







