यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
पटना। पटना समेत राज्यभर में गुरुवार से मानसून की सक्रियता बने होने के कारण झमाझम बारिश हुई। वहीं शुक्रवार को उत्तर बिहार और सीमांचल के 12 जिलों में भारी बारिश के आसार हैं। उधर, वज्रपात से जमुई में बालक, मुंगेर में किशोर, लखीसराय व खगड़िया में एक-एक महिला की मौत हो गयी। सीवान की लहेजी पंचायत के वार्ड 10 की पार्षद की भी मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, अररिया के रानीगंज में सर्वाधिक 104.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। पटना सहित 26 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट आयी है। पूर्व पश्चिम ट्रफ उत्तर पश्चिम राजस्थान व उत्तरी मध्यप्रदेश के आसपास बने होने के साथ निम्न दबाव का क्षेत्र झारखंड, गांगेय प. बंगाल, पूर्वी नगालैंड तक बना हुआ है।

इनके प्रभाव से पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, कटिहार, मधेपुरा, भागलपुर, बांका, खगड़िया जिले में भारी वर्षा जबकि सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी है। अगले तीन दिनों तक पटना समेत शेष जिलों में हल्की वर्षा व मेघ गर्जन, वज्रपात के आसार हैं।

लगातार बारिश की वजह से बरौनी-कटिहार रेलखंड पर मानसी और महेशखूंट स्टेशन के बीच चैधा बन्नी हॉल्ट के पास दोपहर करीब दो बजे डाउन लाइन में धंसान आ गया। जिससे डाउन लाइन की कई ट्रेनों का परिचालन दो घंटे तक बाधित रहा।

इससे डाउन लाइन की ट्रेनें मानसी सहित विभिन्न स्टेशनों पर फंसी रहीं। जिसके बाद रेलवे के कर्मियों ने ट्रैक को दुरुस्त कर शाम 5 बजे डाउन लाइन को चालू किया।






