अमित शाह ने कहा – 2024 में बिहार में 40 सीटों पर कमल खिलेगा, बिहार में गुंडाराज बढ़ रहा है, बालू माफिया और शराब माफिया के दिन फिर आए

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

लखीसराय। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि 2024 में उन्हें फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहिए। बिहार की जनता को 20 बार फेल्ड (विफल) लॉन्चिंग वाले राहुल गांधी नहीं चाहिए। बिहार की जनता ने 2014 में 31 सीटें और 2019 में 39 सीटें दीं। 2024 में एक-दो सीट की रही-सही कसर भी बिहार की जनता पूरी करेगी और बिहार की सभी 40 की 40 सीटों पर कमल खिलेगा। बिहार की जनता ने संकल्प लिया है कि जिन्होंने दल-बदल किया है, विश्वासघात किया है और जो भ्रष्टाचारियों के साथ बैठे हैं, उन्हें दंडित करना है।

अमित शाह ने बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया। कहा, यहां गुंडाराज बढ़ रहा है, बालू माफिया और शराब माफिया के दिन फिर आए हैं। कानून व्यवस्था चरमराती जा रही है। कांग्रेस और राजद के साथ बैठकर नीतीश कुमार लोगों को कैसे मुंह दिखाएंगे। वह हर हाल में मुख्यमंत्री बने रहना चाहते हैं। जो सत्ता के लिए सिद्धांत छोड़ दें, जो नेता हर बार घर बदले, उनका भरोसा नहीं कर सकते।

लोकसभा प्रवास के दौरान गुरुवार को मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लखीसराय गांधी मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लालू प्रसाद को निशाने पर लिया। साथ ही, मोदी सरकारी की नौ साल की उपलब्धियां गिनाईं। कहा कि पिछले नौ सालों में प्रधानमंत्री ने देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कहते हैं कि भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया। मैं बताने आया हूं कि पिछले नौ सालों में हमारी सरकार ने कितना काम किया।

नीतीश कुमार भी अपने काम का हिसाब दें। कहा कि नीतीश कुमार को तो सीएम बने रहना है, इसलिए कांग्रेस की चौखट पर बैठे हुए हैं। लालू प्रसाद के साथ हाथ मिलाए हुए हैं। दल-बदल और विश्वासघात करने वालों को बिहार की जनता जवाब देगी। केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पटना में 20 लाख करोड़ का घोटाला करने वाली 20 पार्टियों का जुटान हुआ था। कांग्रेस 20 साल से हर साल राहुल गांधी की लॉन्चिंग में लगी है लेकिन राहुल गांधी हैं कि लॉन्च ही नहीं हो पाते। इस बार भी कांग्रेस ने पटना से राहुल गांधी की लॉन्चिंग का एक और विफल प्रयास किया है लेकिन बिहार की जनता कभी भी भ्रष्टाचारियों के साथ नहीं रहेगी। घपला-घोटाला और भ्रष्टाचार करने वाली पार्टियों को बिहार की जनता जवाब देगी।

अमित शाह ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के द्वारा कराए गए कई काम गिनाए। मुंगेर-बेगूसराय रेल पुल दोहरीकरण, चौसा में एनटीपीसी का पावर प्लांट, बिहार-झारखंड के बीच एक्सप्रेस-वे, ग्रीनफील्ड, कोसी नदी पर 130 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना, उड़ान योजना के तहत दरभंगा में सिविल उड़ान की सुविधा के अलावा मेडिकल-इंजीनियरिंग कॉलेजों का श्रेय उन्होंने केंद्र सरकार को दिया।

मौके पर विधानसभा के विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *