यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र में 31 मई की रात व्यवसायी रणवीर यादव की हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में आरोपी युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार भी किया गया है। जबकि फरार दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी करने में जुटी है। उक्त जानकारी रोसड़ा डीएसपी शिवम कुमार ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान दी।

रोसड़ा पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए रोसड़ा डीएसपी शिवम कुमार ने बताया कि 31 मई की रात बिथान थाना के सिहमा गांव में रणवीर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में बिथान थाना में एक जून को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। इसके बाद बिथान थानाध्यक्ष विशाल कुमार ने घटना के बारे में जानकारी लेते हुए अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान इस घटना में शामिल बिथान थाना के सिहमा गांव के ही श्रवण यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस एवं एक खोखा भी बरामद किया है। जबकि घटना में शामिल अन्य दो फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

डीएसपी ने बताया कि घटना के पीछे का मुख्य कारण मृतक रणवीर यादव के द्वारा उधार में सिगरेट नहीं देना है। अभियुक्तों के द्वारा 31 मई की शाम में रणवीर यादव के दुकान पर जाकर सिगरेट की मांग की गयी थी। लेकिन रणवीर यादव ने कहा कि पहले वाला बकाया पैसा दो, तब सिगरेट देंगे। इसी बात को लेकर रंजीश में आकर रात में अन्य मित्रों के साथ आया और दूकान बंद करने के दौरान रणवीर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर रोसड़ा डीएसपी शिवम कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर इस मामले का उदभेदन करने को कहा गया। पुलिस ने कांड में शामिल एक को गिरफ्तार कर लिया है। छापेमारी टीम में बिथान थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, हसनपुर थानाध्यक्ष निशा भारती, बिथान के एसआई घनश्याम पासवान, अनिल कुमार रजक, एएसआई कैलाश राय एवं जोगिंद्र सिंह शामिल थे।






