समस्तीपुर में मैजिक एवं बाइक की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, महिला गंभीर

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। दलसिंहसराय थाने के बल्लोचक के पास शुक्रवार दोपहर एनएच 28 पर तेज रफ्तार मैजिक एवं बाइक की आमने सामने की टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक महिला जख्मी हो गई। उसे इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया।

मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के सकरा निवासी बबलू दास (30) एवं बबलू के पुत्र कार्तिक कुमार (3) के रूप में हुई है। जख्मी सुमन कुमारी बबलू की पत्नी है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मामले में कार्रवाई एवं आश्रितों को मुआवजा देने की मांग को लेकर हाइवे को जाम कर आवागमन ठप कर दिया।

जाम की सूचना पर प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष राघवेंद्र मणि त्रिपाठी पुलिस बल के साथ जामस्थल पर पहुंचे और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करने का आश्वासन देकर आक्रोशित लोगों को शांत करा सड़क जाम हटवाया। इसके बाद पिता व पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिये समस्तीपुर भेज दिया।

जाम समाप्त होने पर करीब एक घंटे से जाम में फंसे वाहन चालकों एवं अन्य लोगों ने राहत की सांस ली। मृतक बबलू के छोटे भाई गुड्डू ने बताया कि दलसिंहसराय थाने के महनैया (गोशाला के पास) ससुराल में रह रही बहन के यहां आयोजित वट-सावित्री पूजा में शामिल होने के लिये भाभी व भतीजा के साथ उसके भैया बाइक से आ रहे थे।

रास्ते मे बेगूसराय की ओर से आ रही तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। इसमे भाई बबलू व भतीजा कार्तिक की मौके पर मौत हो गई तथा भाभी सुमन कुमारी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घटनास्थल पर मृतक के परिजनों एवं निकट रिश्तेदारों के चित्कार एवं क्रंदन से उपस्थित लोगों की आंखे भी नम हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *