समस्तीपुर में इंजीनियरिंग के छात्रों के बवाल के विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पहुंचे डीएम व एसपी

यहां क्लीक कर व्हाट्एसएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना के नरघोघी स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों ने मंगलवार को जमकर उत्पात मचाया। इसको लेकर गांव में तनाव की स्थिति हो गयी। आक्रोशित छात्रों द्वारा लाठी डंडे से मारपीटकर घायल करने एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख सभी छात्र भाग निकले। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क जामकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया।


इधर, ग्रामीणों एवं छात्रों के बीच बढ़े विवाद के बाद ग्रामीणों द्वारा सड़क जाम के साथ ही कॉलेज की घेराव किए सूचना पर डीएम योगेंद्र सिंह, एसपी विनय तिवारी, एसडीओ दिलीप कुमार, सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय सहित कई वरीय अधिकारियों के अलावे कई थानों के पुलिस फोर्स व अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए। किसी तरह लोगों को समझा कर सड़क यातायात बहाल किया गया। हालांकि पुलिस अभी भी कैंप कर रही है।

इधर, इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है। ग्रामीण महेश रजक ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कहा है कि मंगलवार की शाम इंजीनियरिंग कॉलेज के करीब डेढ़ सौ छात्र लाठी, डंडा लोहे की रॉड एवं ईंट-पत्थर लेकर उनके घर पर अचानक हमला बोल दिया। छात्रों के हमले में कई व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी क्षति पहुंची है। वहीं कई मवेशी भी घायल हुए हैं ।


घायलों में अशोक दास, सचिन कुमार, मुकेश चौरसिया, मल्हू दास, शंभू महतो, दिलीप चौरसिया, राकेश महतो, राम दयाल शर्मा, भाग्य नारायण शर्मा, राधा देवी, मो.कल्लू आदि शामिल है।

इधर, घटना को लेकर इंजीनियरिंग के छात्रों द्वारा कुछ ग्रामीणों पर कॉलेज की छात्राओं के साथ छेड़खानी करने एवं फब्तियां कसने का आरोप लगाया जा रहा था। जिसकी सूचना पर वो लोग पहुंचे थे।

इधर, ग्रामीणों का आरोप था कि हाट से गुजर रही छात्राओं की मौजूदगी में एक कार से उतरे छात्र-छात्राएं बीच सड़क पर ही प्रेमालाप में मशगूल हो गए। जो ग्रामीणों को अच्छा नहीं लगा। इसका विरोध करने पर छात्र उग्र हो गए।


इधर, डीएम योगेंद्र सिंह एवं एसपी विनय तिवारी ने भी क्षेत्र का दौरा कर बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जाचोंपरांत सभी दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई होगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *