यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के चकमेहसी थाना क्षेत्र के कलौंजर पंचायत में एक युवक की लाश बिजली के खंभे से लटकी मिली। लाश मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना स्थल पहुंच गयी। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 4 बड़ी सलहा निवासी शत्रुघ्न दास के 24 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार के रूप में पहचान हुई। वह वार्ड सदस्य था। कलौंजर पंचायत के वार्ड चार के बड़ी सलहा मन टोला में शनिवार सुबह बिजली के पोल से बंधी लीची के पेड़ के पास लटकी अवस्था में वार्ड सदस्य की लाश मिली।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम वीरेंद्र घर से निकला था। जिसके बाद से रातभर परिजन उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कही भी उसका कोई अतापता नही चला। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों द्वारा फिर से खोजबीन शुरू किया गया। इसी क्रम में लीची के बगीचे में बिजलीं के पोल से धोती से लटकी उसकी लाश मिली।

इसकी जानकारी मिलते ही लोगों में सनसनी फैल गयी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ गयी। ग्रामीणों की सूचना पर चकमेहसी थाना अध्यक्ष चंद्रकिशोर टुडू के नेतृत्व में पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।

इधर, मृतक की मां शिव कुमारी देवी ने बताया कि युवक अपने गांव स्थित डेरा पर सिलाई का काम करता था। शुक्रवार को दुकान पर ही खाना भी मंगवाया। लेकिन उसके बाद रात में वह घर नही लौटा। मृतक की मां ने आशंका जतायी कि उसके पुत्र की हत्या कर शव बिजलीं के पोल से लटका दिया गया है।
वीरेंद्र अविवाहित था। स्थानीय लोग भी राजनीतिक साजिश के तहत उसकी हत्या किए जाने की आशंका जता रहे थे। ग्रामीणों का कहना कि युवक मिलनसार था।किसी से उसका झगड़ा नहीं था।उसकी अन्यत्र हत्या कर शव को लटका दिया गया है।

घटना स्थल के निकट से युवक का चप्पल परिजनों को मिला, लेकिन उसके गले से सोने का चेन व मोबाइल गायब था। थाना अध्यक्ष चंद्र किशोर टुडू ने बताया कि मामले की पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है।






