यहां क्लीक कर दूरबीन व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर पुलिस की मोबाइल रिकॉवरी टीम ने लगभग 75 लाख रुपए मूल्य के 281 मोबाइल को बरामद किया है। जिले में पहली बार इस तरह के रिकॉवरी करने के बाद सत्यापन कर संबंधित लोगों को मोबाइल वापस की जा रही है। मोबाइल पाते ही इन लोगों के चेहरा खुशी से चमक जाता है। एसपी विनय तिवारी ने कहा कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

समस्तीपुर कलेक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कहा कि जनवरी 2023 से लगातार यह अभियान जारी है। मोबाइल रिकॉवरी टीम ने पांचवी चरण में लगभग साढ़े 16 लाख रुपए मूल्य के 57 मोबाइल को बरामद कर दो अपराधियों को भी गिरफ्तार किया है।

एसपी ने बताया कि इन मोबाइलों की जांच पड़ताल के बाद इसके असरी मालिक का सत्यापन किया गया। जिसके बाद आज कलेक्ट्रेट में मोबाइल धारक को बुलाकर उनका मोबाइल लौटा दिया गया है। खोयी हुई चीज मिलने पर लोगों को एक अलग प्रकार का आनंद मिलता है। इसके लिए पुलिस लगातार सक्रिय है।

एसपी ने बताया कि अब तक 281 मोबाइल बरामद किया गया है। जिसका मूल्य लगभग 75 लाख रुपए मूल्य है। उन्होंने कहा कि चोरी, गृहभेदन, झपट्टामार एवं गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी के लिए मोबाइल रिकॉवरी टीम बनायी गयी है। टीम के द्वारा सूचना संकलन कर इन मोबाइलों को बरामद किया जा रहा है।

एसपी ने बताया कि अब तक पांच चरण कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में इस अभियान को लगातार चलाया जा रहा है। अब छह मई से इन टीम के द्वारा छठे चरण का अभियान शुरु किया जाएगा।









