समस्तीपुर के चर्चित भाजपा नेता व स्वर्ण व्यवसायी रघुवीर स्वर्णकार हत्याकांड का खुलासा

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में आठ माह पूर्व हुए चर्चित रघुवीर स्वर्णकार हत्याकांड सहित अंगारघाट, नगर व वारिसनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न लूटकांड का भी पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। खानपुर थाना के इलमासनगर में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कहा कि रघुवीर स्वर्णकार हत्याकांड सहित चार कांडों का खुलासा किया गया है। इस घटना में शामिल मथुरापुर ओपी के शेखोपुर के मो. दुलारे, दौलतपुर के रंजीत कुमार, राहुल कुमार एवं कल्याणपुर थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर के सुधांशु कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया है। इसके पास से एक पिस्टल, दो देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस के साथ लुटे गए सामान एवं घटना में प्रयुक्त उपकरणों को भी बरामद किया गया है।


एसपी ने कहा कि इन कांडों के उदभेदन के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी के द्वारा लगातार छापेमारी करने के दौरान नगर थाना के रामबाबू चौक से मो. दुलारे को गिरफ्तार किया गया। मो. दुलारे टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल था। दुलारे ने भोला टॉकिज डकैती कांड के अलावे 27 अगस्त 2022 को खानपुर में हुए रघुवीर स्वर्णकार से लूटपाट व हत्याकांड, अंगारघाट क्षेत्र से पिकअप चालक से लूट, वारिसनगर थाना के सोना व्यवसायी से लूट एवं नगर थाना में पिछले अगस्त माह में जर्दा व्यवसायी को गोली मारकर लूट की घटना का खुलासा किया गया।

दुलारे की निशानदेही पर अंगारघाट में लूट मामले में रंजीत कुमार एवं राहुल कुमार को हथियार के साथ गिरफ्तार किया। वहीं रघुवीर स्वर्णकार हत्याकांड में लाइनर द्वारा प्रयुक्त किया गया टोटो को मो. एहतसास उर्फ अउआ के घर से बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि मो. दुलारे की निशानदेही पर ही खानपुर थाना क्षेत्र में स्वर्णकार हत्याकांड एवं भोला टॉकिज डकैती कांड में प्रयुक्त हथियार एवं ताला काटने का उपकरण दौलतपुर के मो. एकरामूल के घर से बरामद किया गया है।


स्वर्णकार हत्याकांड में लूटा हुआ हैंड बैग, प्रयुक्त पिस्टल, लाइनर के द्वारा प्रयुक्त टोटो वाहन। भोला टॉकिज डकैती कांड में लाल झोला, कटा ताला, दो छेनी, एक हथौड़ा, एक रेती बरामद किया गया। जर्दा व्यवसायी से लूट मामले में काला पिट्टू बैग, चाभी का गुच्छा एवं वारिसनगर में सोना व्यवसायी से लूट मामले में काला हैंड बैग, नाम लिखा हुआ टिफिन एवं सोने का ढोलना बरामद किया गया है।

एसपी ने बताया कि मो. दुलारे टॉप टेन अपराधियों की सूची में शामिल था। उसके विरुद्ध नगर थाना, खानपुर थाना, वारिसनगर थाना, अंगारघाट थाना व ताजपुर थाना में हत्या, लूट सहित अन्य मामले में सात कांड दर्ज है।


छापेमारी दल में शामिल सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय, डीआईयू प्रभारी इंस्पेक्टर विक्रम आचार्या, इंस्पेक्टर मुकेश कुमार, डीआईयू शाखा के इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह, दारोगा अनिल कुमार, शनि कुमार मौसम, राजन कुमार, राहुल

कुमार, नगर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी, मथुरापुर ओपी अध्यक्ष मो. खुशबुद्दीन, अंगारघाट थानाध्यक्ष प्रेम प्रकाश आर्य, खानपुर थानाध्यक्ष विपिन कुमार के अलावे प्रताप कुमार सिंह, आनंद शंकर गौरव, मुकेश कुमार, अरबिंद कुमार व अखिलेश कुमार को स्वर्णकार संघ ने सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *