यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर सदर अस्पताल में बुधवार की सुबह इलाज करने के दौरान टीवी रोग से ग्रसित एक महिला की मौत हो गई। मृतक की पहचान विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बोचहा निवासी अनिल कुमार राय की पत्नी शोभा देवी बताई गई है।

महिला की मौत होते ही परिजनों ने सदर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। हंगामा के कारण सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। हंगामे की सूचना पर अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया।

महिला के पति अनिल कुमार राय ने कहा उसकी पत्नी को अनुमंडलीय अस्पताल दलसिंहसराय से रेफर किया गया था। एंबुलेंस में उसे ऑक्सीजन की मदद से समस्तीपुर सदर अस्पताल जिंदा पहुंचाया गया। लेकिन सदर अस्पताल में समय पर इलाज नहीं होने एवं ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी टीवी रोग से ग्रसित थी। जिसे इलाज के लिए यहां लाया गया था। इधर ऑन ड्यूटी डॉक्टर मोहम्मद तारिक ने बताया कि इलाज में किसी भी तरह का कोई विलंब नहीं हुआ। मरीज की स्थिति काफी सीरियस था। मरीज के आते ही उसकी चिकित्सा शुरू की गई, लेकिन स्थिति गंभीर होते हुए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया था। मरीज को भर्ती करने के साथी ऑक्सीजन भी दिया गया।

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ गिरीश कुमार ने बताया कि मरीज की स्थिति काफी गंभीर थी। जिसके कारण उसे रेफर कर दिया गया था। इसी दौरान मरीज की मौत हो गई। वह टीवी रोग से ग्रसित थी। मौत के बाद परिजनों के द्वारा हंगामा किया गया। इसके शव वाहन से मृतक महिला के शव को उनके घर तक पहुंचा दिया गया ।

इधर परिजनों का कहना था कि अगर समय पर डॉक्टरों के द्वारा इलाज शुरू किया जाता और आने के साथ ही ऑक्सीजन दे दिया जाता तो शायद महिला की मौत नहीं होती।







