नवविवाहिता पत्नी को पीटने के बाद गला दबा कर दी हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

यहां क्लीक कर व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े

समस्तीपुर/ताजपुर। महज दहेज की राशि व पलंग नही मिलने के कारण नवविवाहित पत्नी को मारपीट कर अधमरा कर दिया। फिर गला घोंटकर मार डाला। इस मामले में शिकायत मिलने पर आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है। घटना बंगरा थाना क्षेत्र के सादीपुर गांव की है। जहां एक युवक ने अपनी नवविवाहिता पत्नी को पीटने के बाद गला दबाकर मार डाला। यह घटना गुरुवार देर रात हुई।  शुक्रवार सुबह घटना की भनक लगते ही ग्रामीणों ने घर को घेरकर हत्यारें पति को पकड़ पेड़ से बांध लाठी-डंडे से जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

इस क्रम में घर के बाकी लोग फरार हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घर से मृत नवविवाहिता के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गिरफ्तार युवक सादीपुर गांव के मो. आलम का पुत्र महबूब आलम बताया गया है। उसकी मृतका पत्नी यास्मीन खातून (22) दरभंगा के हायाघाट थाना क्षेत्र के पश्चिम विलासपुर निवासी अब्दुल गफ्फार की पुत्री थी।

इस मामले में मृतका के पिता अब्दुल गफ्फार ने बंगरा थाना में आवेदन दिया है। इसमें कहा है कि नौ माह पहले उसने अपनी पुत्री का विवाह सादीपुर के मो. आलम के पुत्र महबूब आलम से किया था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही महबूब आलम दहेज में दो लाख रुपये, फ्रीज एवं पलंग देने के लिए उसकी बेटी पर दबाव बनाने लगा।

इसमें असमर्थता जताने पर उसे प्रताड़ित करने लगा। इसी बीच गुरुवार रात पति एवं ससुराल के अन्य सदस्यों ने उसकी बेटी को मारने पीटने के बाद गला दबाकर मार डाला।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर जब वे सादीपुर गांव पहुंचे तो बेटी को मृत पाया। इस बाबत बंगरा थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर थाना में दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।

जिसमें मृतका के पति के अलावे उसकी सास, ससुर, ननद, देवर समेत आधा दर्जन लोगों को आरोपित किया गया है। गिरफ्तार युवक को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *