यहां क्लीक कर हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़े
समस्तीपुर। समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी ने बताया कि जिले के मोहिउद्दीननगर थाना के करीमनगर में पिछले दिन हुई लूट की घटना को गृहस्वामी मो. शदाब ने ही अपने दोस्तों के सहयोग से रची थी। इस मामले में पुलिस ने गृहस्वामी मो. शदाब के दोस्तों व दूकानदार सहित पांच लोगों को लूट के सामान के साथ गिरफ्तार करने के बाद इसका खुलासा किया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में गृहस्वामी शदाब फरार है। इस संबंध में एसपी विनय तिवारी ने प्रेस बयान जारी किया है। इसमें एसपी ने कहा है कि 18 मार्च की रात करीमनगर में मो. शदाब के घर में अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर घर ने लूट पाट की घटना को अंजाम दिया था। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी। फिर पटोरी डीएसपी के नेतृत्व में गठित जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार लोगों में पटना फुलवारीशरीफ का अरमान उर्फ मन्ना, पटोरी थाना के हसनपुर सुरत का सोनू कुमार, मोहिउद्दीननगर थाना के शेखटोली का मो. अकबर एवं पटोरी थाना के हसनपुर सुरत निवासी स्वर्ण दूकानदार शंकर साह शामिल है। इनके पास से एक देसी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक चाकू, लूटी गयी एक मोबाइल, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल, चांदी की चार चूड़ी, जेवरात का खाली डब्बा, शरीर को सून करने वाला इंजेक्शन, चांदी का लॉकेट बरामद किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मो. जिशान की निशानदेही पर उसके घर के पीछे से जेवरात का खाली डिब्बा, मो. अकबर के पास से देसी कट्टा, तीन कारतूस एवं एक चाकू बरामद किया गया। इन लोगों की निशानदेही पर ज्वेलर्स की दूकानदार शंकर साह के पास से चार चांदी की चूड़ी बरामद की गयी। चोरी व लूट का मोबाइल खरीदने एवं बेचने के आरोप में सोनू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।

एसपी ने बताया कि मो. शदाब ने ही पूरी योजना तैयार कर अपनो दोस्तों के साथ घटना को अंजाम दिया। कांड के वादी मो. शदाब ने अपने दोस्त मो. अरमान उर्फ मन्ना, मो. अकबर, पप्पू एवं मो. जिशान के साथ मिलकर घटना की पूरी योजना बनायी।

इसके बाद 18 मार्च की रात को घटना को अंजाम दिया। घटना की रात मो. शदाब ने अपने सभी साथियों को घर पर बुलाया, जिसमें मो. अकबर और पप्पू घर के अंदर हथियार एवं चाकू लेकर घर में घूसे और मो. अरमान एवं मो. जिशान घर के दरवाजे के पास खड़ा हो गया। मो अकबर और पप्पू ने मो. शदाब को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर कमरा ना खोलने पर जान मारने की धमकी देते हुए उसकी भाभी का कमरा खुलवाने के लिए मजबूर किया। जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया।





