राज्य भर में बदल सकता है मौसम, हो सकती है बारिश, ओलावृष्टि की संभावना

पटना। राज्यभर के मौसम में बदलाव के आसार हैं। गुरुवार बारिश और ओला वाले बादलों के बनने से अगले दो-तीन दिनों में असमय बढ़ी गर्मी से राज्यभर में राहत मिलेगी। आंशिक बादलों के छाने से अगले 48 घंटों में दक्षिण बिहार के अधिकतर जिलों में आंशिक से मध्यम बारिश होने की संभावना हैं। कुछ जगहों पर ओला गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। कृषि वैज्ञानिकों ने सलाह दी है कि किसान अभी फसल की कटाई से बचें। इसके प्रभाव से राज्य भर में 19 मार्च तक गर्मी से राहत के आसार बन रहेंगे। मौसम विभाग ने भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को इन पांच जिलों के लिए येलो अलर्ट है जबकि शुक्रवार के लिए औरंज अलर्ट जारी किया गया है। यानी शुक्रवार को इसकी तीव्रता और प्रभाव में बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसमविदों के अनुसार कुल मिलाकर राज्य के 13 जिलों में इसका असर ज्यादा दिखेगा। हालांकि तापमान में गिरावट राज्य भर में देखी जाएगी।पटना में आंशिक बादलों के आने-जाने और मेघ गर्जन की स्थिति बनी रहेगी। इससे पहले बुधवार की दोपहर बाद से गुरुवार की दोपहर तक राज्य के पांच जिलों के लिए मेघ गर्जन औैर आकाशीय बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया, जिसमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सुपौल, अररिया एवं किशनगंज जिलों की एक-दो जगहों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन की संभावना जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावों से वायुमंडल में ओला और मेघ गर्जन की परिस्थितियां बनी है। साथ ही सूबे से दो दो ट्रफ लाइन गुजर रही है। पटना सहित राज्यभर में लोग गर्मी से हलकान हैं। अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री तक सामान्य से ऊपर है। पिछले 24 घंटों में सबौर, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज को छोड़ राज्य के सभी जिलों में एक से डेढ़ डिग्री तक अधिकतम तापमान की बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को डेहरी में एक डिग्री, वाल्मिकीनगर में 1.5 डिग्री, मोतीहारी में 1.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 1.8 डिग्री, दरभंगा में 1.2 डिग्री, पटना में एक डिग्री, औरंगाबाद में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य भर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री खगड़िया में दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया। सौ.एचएच

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *