मिथिला विश्वविद्यालय में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए 1 लाख से अधिक ने किया आवेदन, 15 तक निःशुल्क

दरभंगा। दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री की संयुक्त प्रवेश परीक्षा सीईटी 2023 के लिए आवेदन करने वालों की संख्या एक लाख से अधिक हो गई है। सीईटी 2023 के लिए नामित नोडल विश्वविद्यालय ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की ओर से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया दिनांक 20 फरवरी 2023 से आरंभ है। दिनांक 10 मार्च 2023 की शाम पांच बजे तक 104845 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन करा लिया है। सीईटी-बीएड. की संयुक्त प्रवेश परीक्षा के आयोजन के लिए राज्य भर के 11 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाये जायेंगे। इसमें अबतक प्रथम वरीयता के आधार पर केंद्रों के चयन के मामले में अभ्यर्थियों की पहली पसंद पटना और दूसरा दरभंगा शहर है। साथ ही शिक्षा शास्त्री के लिए अब तक 1338 अभ्यर्थियों ने अपना पंजीयन करा लिया है।
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की तीव्र गति को देखते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही कहा कि मात्र 20 दिनों में ही आवेदन करने वालों की संख्या एक लाख से पार हो गई है। प्रो. सिंह ने कहा कि एक सप्ताह होली की छुट्टी होने के बावजूद आवेदन करने वालों की रफ्तार इसी प्रकार रही तो पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष आवेदकों की संख्या काफी ज्यादा होगी। यह आंकड़ा इस बात का सबूत है कि राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता के नेतृत्व में सीईटी बीएड की टीम बेहतर कार्य कर रही है। कुलपति महोदय ने कहा कि आवेदन की प्रक्रिया काफी आसान होने के कारण अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ रहा है। टीम अभ्यर्थियों की समस्याओं का तत्काल निदान भी कर रही है।
सीईटी-बीएड.-2023 के राज्य नोडल पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार मेहता ने बताया कि अब मात्र 10 दिन शेष बचे हैं। इसलिए जो अभ्यर्थी अब तक आवेदन नहीं किये हैं वे आधिकारिक वेबसाइट www.biharcetbed-lnmu.in पर लॉग-इन कर दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री 2023 की प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी प्रकार की जानकारी हेतु अभ्यर्थी तत्काल नोडल विश्वविद्यालय की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 07314629842 और ईमेल आइडी helpdeskcetbed2023@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। प्रो. मेहता ने बताया कि अभ्यर्थी दिनांक 15 मार्च 2023 तक बिना विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे और दिनांक 16 मार्च 2023 से 20 मार्च 2023 तक निर्धारित विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भर सकेंगे। 08 अप्रैल 2023 (शनिवार) को दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री 2023 के लिए प्रवेश परीक्षा के आयोजन की संभावित तिथि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *