समस्तीपुर। होली व शबे बारात को लेकर समस्तीपुर पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। इसको लेकर एसपी विनय तिवारी ने सभी थानाध्यक्षों एवं ओपी अध्यक्षों को विशेष हिदायत दी है। साथ ही असमाजिक तत्वों पर निगरानी करने का आदेश दिया है। ताकि होली व शबे बारात के दौरान किसी भी तरह की कोई घटना ना हो सके। एसपी विनय तिवारी ने कहा कि होली व शबे बारात की तैयारियों को लेकर दिशा निर्देश दिया गया है। बिहार पुलिस दिवस के दौरान जिले में बाइक रैली निकाली गयी थी। इस दौरान गांव में जो भी लोग संदिग्ध हैं, जो किसी भी तरह का उपद्रव कर सकते हैं, उसकी सूची बनायी गयी है। थानाध्यक्ष को ऐसे चिंहित लोगों पर निगरानी करने एवं निरोधात्मक कारवाई करने का आदेश दिया गया है। एसपी ने दूरबीन को बताया कि होली के लिए स्पेशल एंटी क्रिमनल बाइक टीम बनायी गयी है। जो संबंधित क्षेत्र में भ्रमण करेंगे और महिलाओं व युवतियों पर छिंटाकसी करने, जबरन रंग गुलाल लगाने, लहरियाकट बाइक चलाने वाले तत्वों के विरुद्ध कारवाई की जाएगी। इसके लिए थानाध्यक्षों को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। एसपी ने कहा कि होली के दौरान शराब तस्करी की आशंका को देखते हुए ऐसे तस्करों पर विशेष चौकसी करने का आदेश दिया गया है। खासकर शराब तस्करी, बेचने वाले पर कड़ी निगरानी का आदेश दिया गया है। वहीं शराब के मामले में हाल के दिनों में जेल से बाहर आने वाले लोगों पर विशेष निगरानी करने का आदेश थानाध्यक्षों को दिया गया है।ताकि कोई बड़ी घटना नहीं हो सके।
डीजे पर लगी रहेगी पाबंदी: होली के दौरान डीजे पर पूरी तरह पाबंदी लगायी गयी है। इसको लेकर शांति समिति के दौरान भी थानाध्यक्षों के द्वारा लोगों को जानकारी दी गयी है। इसको लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को जागरुक किया जा रहा है। इस दौरान लोगों को विवादित स्थलों पर होलिका दहन नहीं करने, अश्लील व फूहड़ गीतों को नहीं बजाने, नशे का सेवन नहीं करने आदि की अपील की गयी है। इसका उल्लांघन करने वाले के विरुद्ध कड़ी कारवाई करने का निर्देश दिया गया है।







