योजनाओं में लापरवाही बरतने वाले बीडीओ पर डीडीसी को कारवाई करने का आदेश
समस्तीपुर, दूरबीन न्यूज। समस्तीपुर समाहरणालय सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मोटरयुक्त ट्राई साइकिल वितरण योजना एवं मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की समीक्षा की गई। इसकी अध्यक्षता डीएम योगेंद्र सिंह ने की। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में जिले में कुल 28 हजार आवेदन लंबित है। इसमें विभूतिपुर, कल्याणपुर एवं मोहद्दीनगर की प्रगति काफी धीमी है। डीएम के द्वारा अभिलंब लंबित आवेदनों को निष्पादित करने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया। सामाजिक सुरक्षा दिव्यांगजन कोषांग के मोटरयुक्त ट्राई साइकिल योजना के अंतर्गत कुल लंबित आवेदनों की संख्या 94 है। डीएम द्वारा निर्देश दिया गया कि इस बुधवार को जिले के सभी प्रखंडों में मोटर युक्त ट्राई साइकिल योजना के लिए कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रखंड के सभी वार्डसदस्य, सभी मुखिया, सीडीपीओ एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं बीडीओ उपस्थित रहेंगे।
वैसे दिव्यांगजन जिन्हें अभी तक मोटरयुक्त ट्राई साइकिल योजना का लाभ नहीं मिला है वे इस बुधवार को आयोजित प्रखंड स्तरीय कैंप में अपना आवेदन दे सकते है। डीएम द्वारा स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया कि इस योजना के अंतर्गत मोटर युक्त ट्राई साइकिल की जितनी आवश्यकता होगी उसे पूरा किया जाएगा।इस योजना के अंतर्गत वितरण में खानपुर एवं दलसिंहसराय प्रखंड की स्थिति सबसे खराब है। वही मुख्यमंत्री कन्या विवाह की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा डीपीओ, आईसीडीएस को निर्देश दिया गया कि सभी सीडीपीओ, एलएस, आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका के माध्यम से आवश्यक कागजात प्राप्त करें एवं प्रखंड विकास पदाधिकारीयों को उपलब्ध करावें।
मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सीडीपीओ के साथ बैठक करने एवं अधिक से अधिक बच्चों का आधार कार्ड बनवाने का निर्देश दिया। इस जिले में इस योजना के अंतर्गत कुल लाभान्वितो की संख्या 13436 है। आधार प्रमाण पत्र नहीं बन पाने के कारण मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना की प्रगति धीमी है।
प्रधानमंत्रीआवास योजना के समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा लंबित प्रथम किस्त एवं द्वितीय किस्त भुगतान पर काफी नाराजगी व्यक्त की गई। प्रथम किस्त भुगतान में पटोरी एवं ताजपुर प्रखंड स्थिति सबसे खराब पाई गई। वही दूसरी किस्त भुगतान में मोहद्दीनगर, विभूतिपुर एवं कल्याणपुर प्रखंडों में प्रगति की स्थिति काफी धीमी पाई गई। जिला पदाधिकारी द्वारा शिथिलता बरतने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर कार्रवाई करने का निर्देश उप विकास आयुक्त को दिया । वही मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर लाइट योजना के समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा जिला पंचायती राज पदाधिकारी को संबंधित एजेंसियों से इस योजना को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
इस बैठक में नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, पंचायती राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी पटोरी, रोसरा एवं दलसिंहसराय, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति अधिकारी, डीपीओ आईसीडीएस एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।







