पूसा में 3 दिसंबर से तीन दिवसीय आत्मनिर्भर किसान मेला; एआई, ड्रोन और एग्री-टूरिज्म पर रहेगा जोर

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

Doorbeen News Desk : डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (आरपीसीएयू), पूसा में 3 से 5 दिसंबर तक वार्षिक तीन दिवसीय किसान मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश भर के कृषि वैज्ञानिक, नीति निर्माता, स्टार्टअप्स और हजारों किसान हिस्सा लेंगे। कुलपति डॉ. पुण्यव्रत सुविमलेंदु पांडेय (डॉ. पी. एस. पांडेय) ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि इस वर्ष मेले को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है गया है।

कुलपति ने कहा, स्टॉल बुकिंग और साझेदारी से राजस्व अर्जित होने का अनुमान है, जिससे प्रयास किया जा रहा है कि विश्वविद्यालय के मूल बजट पर बिना कोई भार डाले मेले का संपूर्ण खर्च वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य आधुनिक तकनीकों को सीधे खेतों तक पहुँचाकर किसानों की आय को दोगुना करना है।

कुलपति डॉ पांडेय ने बताया कि मेले में 15 से अधिक राज्यों के आईसीएआर संस्थानों, कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके), एफपीओ और कृषि स्टार्टअप्स के 175 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले का मुख्य आकर्षण आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), रोबोटिक्स, ड्रोन तकनीक (‘ड्रोन दीदी’), संरक्षित खेती (पॉलीहाउस) और सूक्ष्म सिंचाई (‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’) पर आधारित विशेष पवेलियन होंगे।

इसके साथ ही किसानों को जलवायु-सहिष्णु उन्नत बीजों की सीधी बिक्री के अलावा मखाना, शहद, औषधीय पौधों और श्रीअन्न (मिलेट्स) के मूल्य-संवर्धित उत्पादों की प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी। शहरी आगंतुकों, युवाओं और बच्चों को अपनी ग्रामीण विरासत से जोड़ने तथा कृषि पर्यटन (एग्री-टूरिज्म) को बढ़ावा देने के लिए परिसर में बैलगाड़ी की सवारी की विशेष व्यवस्था की गई है।

निदेशक प्रसार शिक्षा डा रत्नेश झा ने कहा कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद (किसान गोष्ठी) आयोजित होगा। 3 दिसंबर को कृषि शिक्षा दिवस और 5 दिसंबर को विश्व मृदा दिवस पर विशेष तकनीकी सत्र होंगे। मेले में केंद्रीय एवं राज्य के कृषि मंत्रियों, सांसदों, प्रमुख कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों तथा पद्मश्री पुरस्कार विजेताओं को आमंत्रित किया गया है। दूसरे दिन किसानों को विश्वविद्यालय के शोध प्रक्षेत्रों का भ्रमण कराया जाएगा, जबकि समापन समारोह में प्रगतिशील किसानों को पुरस्कृत किया जाएगा।

दिसंबर की ठंड को देखते हुए दूर-दराज से आने वाले किसानों के लिए परिसर में रजाई और गद्दों के साथ निःशुल्क शीतकालीन आवास, शुद्ध पेयजल और मोबाइल शौचालय की व्यवस्था की गई है, जिसके लिए 23 समर्पित समितियां दिन-रात कार्य कर रही हैं। हाल ही में आईआईआरएफ रैंकिंग 2026 में देश में 8वां और एनआईआरएफ 2025 में 14वां स्थान हासिल करने वाले इस विश्वविद्यालय ने 20 नवंबर को अपने 5वें दीक्षांत समारोह में 1,175 विद्यार्थियों को उपाधियां भी प्रदान की हैं।

प्रेस वार्ता का संचालन विश्वविद्यालय से जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ कुमार राज्यवर्धन ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन किसान मेला के आयोजन सचिव डॉ मुकेश कुमार ने किया। प्रेस वार्ता के दौरान निदेशक अनुसंधान डॉ ए के सिंह, निदेशक बीज डॉ डीके राय, डीन फिशरीज डॉ पी पी श्रीवास्तव, डीन टीसीए डॉ पीपी सिंह, डीन कम्यूनिटी साइंस डॉ उषा सिंह, निदेशक एग्री बिजनेस एंड रूरल मैनेजमेंट डॉ रामदत्त, विश्वविद्यालय पुस्तकालय अध्यक्ष डॉ राकेश मणि शर्मा समेत विभिन्न वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

*पूर्व सांसद प्रो. अजीत कुमार मेहता के निधन से अपूरणीय क्षति- सुरेंद्र प्रसाद सिंह – Doorbeen News*

पूर्व सांसद प्रो. अजीत कुमार मेहता के निधन से अपूरणीय क्षति- सुरेंद्र प्रसाद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *