व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Doorbeen News Desk: समस्तीपुर/पटना। बिहार में अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मानसून की विदाई के साथ पछुआ हवा धीरे-धीरे अपना प्रभाव बढ़ाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर के बाद राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में औसतन दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और नदी किनारे के इलाकों में सुबह के समय आंशिक धुंध भी छा सकती है।
फिलहाल राज्य के कई हिस्सों में पुरवा हवा का प्रभाव बना हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में उत्तर-पछुआ हवा का प्रसार बढ़ने की संभावना है। इसके कारण तापमान में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा। मौसमविदों के अनुसार, इस सप्ताह अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।
16-17 अक्टूबर को कुछ इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, पर्वतीय क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से 16 और 17 अक्टूबर को बिहार के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान न्यूनतम तापमान में अस्थायी बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मानसून की वापसी रेखा फिलहाल सुपौल से होकर गुजर रही है। इसके प्रभाव से उत्तर बिहार के कुछ स्थानों पर आंशिक बारिश हो रही है। समस्तीपुर और आसपास के जिलों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई है।
शेखपुरा में 52.2 मिमी बारिश, 20 शहरों में चढ़ा पारा
रविवार को शेखपुरा में सर्वाधिक 52.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं लखीसराय के बड़हिया में 30.2 मिमी, पटना के घोसवरी में 27.2 मिमी, मधुबनी के खुटौना में 24.2 मिमी और मोकामा में 19.2 मिमी बारिश हुई। बेगूसराय, समस्तीपुर और नालंदा सहित कुछ अन्य स्थानों पर भी आंशिक बारिश हुई।
दूसरी ओर, रविवार को पटना सहित राज्य के 20 शहरों में अधिकतम तापमान बढ़ा। दरभंगा में 4.2 डिग्री, शेखपुरा में 4.1 डिग्री, सुपौल में 3.8 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 3 डिग्री और पूर्णिया में 2.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।


इन प्रमुख शहरों का तापमान
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
|---|---|---|
| पटना | 31.7°C | 23.2°C |
| गयाजी | 29.9°C | 21.4°C |
| भागलपुर | 31.8°C | 23.8°C |
| पूर्णिया | 33.8°C | 23.5°C |
मौसमविदों के अनुसार, मानसून के बाद की अवधि में बारिश की कमी अब घटकर 30 प्रतिशत रह गई है। आने वाले दिनों में पछुआ हवा का प्रभाव बढ़ने के साथ बिहार में धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होने की संभावना है।

*नेपाल में भूस्खलन से बूढ़ी गंडकी में भीषण बाढ़, बिहार में अलर्ट – Doorbeen News*
नेपाल में भूस्खलन से बूढ़ी गंडकी में भीषण बाढ़, बिहार में अलर्ट










One Comment