विश्व स्तनपान सप्ताह: आईएपी समस्तीपुर की वैज्ञानिक संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने बताए सफल स्तनपान के उपाय

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Doorbeen News Desk: समस्तीपुर, 2 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) समस्तीपुर शाखा द्वारा आईएमए हॉल में “Breastfeeding for a Sustainable Start in Life: Strengthen What Works” विषय पर वैज्ञानिक संगोष्ठी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञों ने स्तनपान से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों, भ्रांतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य अतिथि डॉ. रमन किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि जन्म के पहले घंटे में स्तनपान शुरू करना और पहले छह माह तक केवल मां का दूध देना शिशु के स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव है। इससे शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा उसके शारीरिक और मानसिक विकास को बल मिलता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएपी समस्तीपुर के अध्यक्ष डॉ. ए. के. साहू ने की। उन्होंने कहा कि स्तनपान को बढ़ावा देना केवल चिकित्सकों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

वैज्ञानिक सत्र में डॉ. स्मिता झा ने सही स्तनपान की तकनीक, डॉ. सौमेंदु मुखर्जी ने मां के दूध की संरचना और उसके लाभ, डॉ. अनिमेष इंदु ने छह माह बाद पूरक आहार शुरू करने के सही तरीके तथा डॉ. भारती कुमारी ने स्तनपान के दौरान होने वाली सामान्य समस्याओं और उनके समाधान पर जानकारी दी।

इसके बाद डॉ. निशांत कुमार के संचालन में पैनल चर्चा आयोजित हुई, जिसमें विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के सवालों का जवाब देते हुए स्तनपान से जुड़ी भ्रांतियों का वैज्ञानिक आधार पर समाधान किया।

कार्यक्रम में डॉ. श्रद्धा, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. प्रतिभा, डॉ. सुषमा शिखा, डॉ. मंजुला, डॉ. विभाष रंजन, डॉ. चंद्रमणि, डॉ. हेमंत ठाकुर, डॉ. संजीव सहित जिले के कई चिकित्सक उपस्थित रहे। अंत में आईएपी समस्तीपुर के सचिव डॉ. निलेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम के अंत में चिकित्सकों ने समाज से अपील की कि प्रत्येक नवजात को जन्म के पहले घंटे में स्तनपान कराया जाए, पहले छह माह तक केवल मां का दूध दिया जाए तथा उसके बाद उचित पूरक आहार के साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखा जाए, ताकि स्वस्थ बचपन और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

 

*बखरी बुजुर्ग उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कार्यशाला – Doorbeen News*

बखरी बुजुर्ग उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कार्यशाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *