व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur Crime News : समस्तीपुर पुलिस ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के दादपुर गांव में हुई सूरज कुमार हत्याकांड का 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी गणेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद को कारण बताया गया है।
ASP संजय कुमार पांडेय ने प्रेस वार्ता में बताया कि, 29 मई 2026 को दादपुर वार्ड संख्या-06 निवासी सूरज कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद मृतक की पत्नी साधना कुमारी के फर्दबयान पर मुफ्फसिल थाना कांड संख्या-233/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (सदर-1) संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।



तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दादपुर निवासी गणेश कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक सूरज कुमार उसका चचेरा भाई था। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन जमीन पर बनी दीवार हटाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। इसी दौरान वह घर से पिस्टल लाया और सूरज कुमार को गोली मार दी।
पुलिस ने आरोपी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए हैं। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने, तीन फायर किए गए कारतूस के खोखे, एक गोली का अग्रभाग तथा आरोपी के हाथों से बारूद के नमूने जब्त किए हैं। वहीं पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से निकली दो गोलियां और खून से सनी गंजी भी बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को जल्द सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।



*मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण पर अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी, बच्चों के सर्वांगीण विकास पर दिया गया जोर – Doorbeen News*





