गोपालगंज में पुलिस-क्रिमिनल मुठभेड़: 50 हजार का इनामी बदमाश आकाश कुमार ढेर होने से बचा, दोनों पैरों में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Gopalgang Crime News: गोपालगंज जिले में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश आकाश कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी बायपास के समीप हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपराधी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोपनीय सूचना मिली थी कि एक कुख्यात अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में बंजारी बायपास इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को पुलिस से घिरा देख अपराधी ने बच निकलने के लिए पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान पुलिस की गोली आकाश कुमार के दोनों पैरों में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

घायल अपराधी को तत्काल इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अपराधी आकाश कुमार थावे थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव का निवासी है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आकाश कुमार के आपराधिक नेटवर्क, उसके गैंग और फरार सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से जिले में सक्रिय अपराधियों के नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

*दानापुर से बेंगलूरु एवं सरायगढ़ से देवघर के लिए चलायी जा रही, स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार – Doorbeen News*

दानापुर से बेंगलूरु एवं सरायगढ़ से देवघर के लिए चलायी जा रही, स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *