व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
Samastipur News: ग्रामीण कृषि मौसम सेवा, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (RPCAU) पूसा, समस्तीपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर बिहार के जिलों में अगले 48 घंटों तक वर्षा की संभावना बनी हुई है। इसके बाद मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं वर्षा वाले क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके बाद पूर्वा हवा 8 से 12 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने का अनुमान है।


पिछले तीन दिनों के मौसम आकलन में 54.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। औसत अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह में औसत सापेक्ष आर्द्रता 86 प्रतिशत और दोपहर में 71 प्रतिशत रही।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मक्का की कटाई, दानों को सुखाने तथा मूंग की तैयार फसल की तुड़ाई मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानीपूर्वक करने की सलाह दी है। साथ ही खरीफ प्याज की नर्सरी तैयार करने, लंबी अवधि वाले धान की नर्सरी डालने और खरीफ मक्का की बुआई के लिए खेत तैयार करने का सुझाव दिया गया है।
इसके अलावा अदरक की बुआई, पशुओं के लिए ज्वार, बाजरा एवं मक्का की खेती शुरू करने तथा गन्ने में कालिका रोग की निगरानी करने की सलाह भी जारी की गई है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से प्रमाणित बीजों का उपयोग करने और बीजोपचार के बाद ही बुआई करने की अपील की है।






*समस्तीपुर में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल: दिन में छाया अंधेरा, कई मोहल्ले बने तालाब – Doorbeen News*
समस्तीपुर में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल: दिन में छाया अंधेरा, कई मोहल्ले बने तालाब





