तीन विद्यालयों के निरीक्षण में रहियार उत्तर की व्यवस्था से प्रभावित हुए विधायक बीरेन्द्र कुमार

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur News: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत गुरुवार को तीन पंचायतों के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर रोसड़ा विधायक बीरेन्द्र कुमार ने शिक्षा व्यवस्था, पठन पाठन, साफ सफाई एवं विद्यालय संचालन की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय जंदाहा, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय करियन एवं दामोदर राजकीय मध्य विद्यालय बुनियादपुर सह उच्च माध्यमिक विद्यालय रहियार उत्तर का जायजा लिया। इस दौरान विधायक ने विद्यालयों के वर्ग कक्षों में पहुंचकर छात्र छात्राओं से सीधा संवाद किया तथा शिक्षकों से भी विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय जंदाहा में विधायक ने सभी वर्ग कक्षों का निरीक्षण करते हुए छात्र छात्राओं से शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर बातचीत की। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, मध्यान भोजन की स्थिति, कार्यालय संचालन एवं विधि व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कंचन कुमारी से विद्यालय संचालन एवं शैक्षणिक गतिविधियों से संबंधित कई बिंदुओं पर पूछताछ की गई। विधायक ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने एवं शिक्षा के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।

इसके बाद विधायक ने उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय करियन पहुंचा, जहां उन्होंने सभी वर्ग कक्षों में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं से पठन पाठन की स्थिति पर चर्चा की। विद्यालय परिसर में साफ सफाई, कार्यालय व्यवस्था एवं विद्यालय प्रबंध समिति के गठन की जानकारी भी ली गई। प्रधानाध्यापक विवेकानंद झा से विद्यालय के विकास, संसाधनों एवं शैक्षणिक वातावरण को लेकर विस्तार से बातचीत की गई। निरीक्षण के उपरांत प्रधानाध्यापक विवेकानंद झा द्वारा विधायक एवं अन्य अतिथियों को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, चादर एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण काफी उत्साहपूर्ण बना रहा। निरीक्षण के अंतिम चरण में विधायक दामोदर राजकीय मध्य विद्यालय बुनियादपुर सह उच्च माध्यमिक विद्यालय रहियार उत्तर पहुंचे। यहां उन्होंने वर्ग कक्षों, विद्यालय कार्यालय, मध्यान भोजन व्यवस्था एवं परिसर की साफ सफाई का जायजा लिया। प्रधानाध्यापक मृत्युंजय कुमार राय से विद्यालय की विधि व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के बाद विधायक बीरेन्द्र कुमार ने कहा कि रहियार उत्तर विद्यालय की व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की पठन-पाठन की स्थिति तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की कार्यशैली काफी बेहतर लगी।

उन्होंने कहा कि प्रखंड के जिन तीन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, उनमें रहियार उत्तर विद्यालय की व्यवस्था सबसे बेहतर एवं संतोषजनक दिखी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षकों की अच्छी टीम कार्य कर रही है तथा सरकार की नई शिक्षा पद्धति का सकारात्मक प्रभाव वहां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की शैक्षणिक व्यवस्था देखकर वे काफी प्रसन्न हुए तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों की सराहना की।

मौके पर बीस सूत्री अध्यक्ष संतोष कुमार बबली, सांसद प्रतिनिधि अशोक कुमार सिंह, शंभू झा, अखिलेश कुमार, गोपाल किशन, चंदन कुमार, महेश्वर प्रसाद, अमित राय, प्रधानाध्यापक प्रकाश कुमार, माधव कुमार, अजय कुमार सिंह, नवीन कुमार, रोहित कुमार, शशि यादव, अजय कुमार, मुकेश कुमार, सुशील कुमार, विनय कुमार, विपिन बिहारी प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद थे।

*समस्तीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया राजीव गांधी का 35वां बलिदान दिवस – Doorbeen News*

समस्तीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया राजीव गांधी का 35वां बलिदान दिवस

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *