करंट लगने से चौथी कक्षा के छात्र की मौत, शादी समारोह की खुशियां मातम में बदली

व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें

 

Samastipur news: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत रहियार दक्षिण पंचायत के गम्हरिया गांव वार्ड 1 में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। शादी समारोह की खुशियां देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गईं। मृतक की पहचान गम्हरिया वार्ड 1 निवासी महेश राम के 10 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार के रूप में की गई है।

सौरभ इस वर्ष चौथी कक्षा में अध्ययनरत था और बुनियादपुर विद्यालय में पढ़ाई करता था।
घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार गांव के ही दूसरे टोले में एक शादी समारोह आयोजित था, जहां सौरभ भी अन्य लोगों के साथ गया हुआ था। इसी दौरान किसी विद्युत तार अथवा करंट प्रवाहित वस्तु के संपर्क में आने से उसे जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर गिर पड़ा।

वहां मौजूद लोगों ने जब तक कुछ समझा, तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन फानन में उसे बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के घर में कोहराम मच गया। मृतक की मां सविता देवी का रो रोकर बुरा हाल है। वह बार बार अपने बेटे का नाम लेकर बेहोश हो जा रही थीं। आसपास की महिलाएं उन्हें संभालने का प्रयास करती रहीं।

मृतक दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसका छोटा भाई सोहन कुमार अभी काफी छोटा है। पिता महेश राम दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि शादी समारोह में भोज-भात और अन्य कार्यक्रम चल रहे थे, जिस कारण किसी का ध्यान इस ओर तुरंत नहीं जा पाया। जब तक लोगों ने देखा, तब तक किशोर की जान जा चुकी थी।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि सौरभ स्वभाव से काफी मिलनसार और पढ़ाई में तेज था। उसकी असामयिक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। घटना की सूचना मिलते ही शिवाजीनगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव गांव पहुंचते ही माहौल और गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गरीब परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, ऐसे में प्रशासन को आगे बढ़कर सहायता करनी चाहिए।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि किशोर की मौत करंट लगने से बताया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

 

*सिंघिया में पुलिस टीम पर हमला मामले में तीन गिरफ्तार, वारंटी को भगाने का आरोप – Doorbeen News*

सिंघिया में पुलिस टीम पर हमला मामले में तीन गिरफ्तार, वारंटी को भगाने का आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *