व्हाट्सएप से जुड़ने को क्लीक करें
समस्तीपुर: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय के सभागार में सोमवार को आगामी जनगणना कार्य की तैयारी को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बीडीओ आलोक कुमार सिंह,बीईओ रामजन्म सिंह तथा बीएओ सतीश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। प्रशिक्षण में प्रखंड क्षेत्र के सुपरवाइजर एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में ट्रेनर के रूप में मृत्युंजय कुमार सिंह, मृत्युंजय कुमार राय, उमेश प्रसाद राय, संतोष कुमार एवं अमित कुमार मिश्रा उपस्थित हैं, जो प्रतिभागियों को चरणबद्ध तरीके से जनगणना प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत करा रहे हैं। प्रशिक्षण बीडीओ आलोक कुमार सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है, जिसमें प्रखंड के शिक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। इस अवसर पर बीडीओ आलोक कुमार सिंह ने उपस्थित कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जो देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण की आधारशिला होती है।

उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि न केवल आंकड़ों की विश्वसनीयता को प्रभावित करती है, बल्कि भविष्य में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी प्रतिकूल असर डाल सकती है। इसलिए सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करना होगा। बीडीओ ने स्पष्ट रूप से कहा कि घर-घर जाकर सही एवं अद्यतन जानकारी का संकलन ही जनगणना की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान दिए जा रहे दिशा-निर्देशों को गंभीरता से समझें और उसे व्यवहार में लागू करें।

उन्होंने यह भी कहा कि जनगणना के दौरान एकत्रित की जाने वाली जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है, जितना कि उसकी शुद्धता। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, परिवारों की पहचान करने के तरीके, डेटा संकलन की विधियां, डिजिटल माध्यमों के उपयोग तथा सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षकों द्वारा सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय कर्मियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में यह जानकारी दी गई कि जनगणना कार्य को दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 17 अप्रैल से 1 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) का कार्य किया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में 2 मई से 31 मई तक प्रगणक घर-घर जाकर गृहवार गणना करेंगे। इस व्यापक कार्य के लिए प्रखंड में कुल 61 सुपरवाइजर एवं 365 प्रगणकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिनके साथ सभी संबंधित विभागों के अधिकारी भी समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।
बीडीओ ने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि वे इस प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे अपने दायित्वों को बेहतर ढंग से निभाने का अवसर मानें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कर्मी का सक्रिय योगदान ही इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बना सकता है। मौके पर सत्यनारायण आर्य, हीरानंद झा, प्रदीप कुमार, अवधेश चौधरी, प्रमोद कुमार सिंह, राजकुमार राय, दिलीप ठाकुर सहित अनेक कर्मी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी कर्मियों को आवश्यक जानकारी एवं संसाधन समय पर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि जनगणना कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके।

*स्थानांतरण पर प्रखंड समन्वयक को दी गई भावभीनी विदाई, कार्यकाल की सराहना – Doorbeen News*
स्थानांतरण पर प्रखंड समन्वयक को दी गई भावभीनी विदाई, कार्यकाल की सराहना





