व्हाट्सएप से जुड़ने को यहां क्लीक करें
इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, प्रेमी को पाने के लिए प्रयागराज से शिवाजीनगर पहुंची युवती
Doorbeen News Desk: सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से चलकर अब शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर पंचायत में चर्चा का विषय बन गया है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की एक युवती अपने प्रेमी को पाने के लिए समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर प्रखंड के बल्लीपुर पंचायत के वार्ड 9 पहुंचकर पिछले चार दिनों से गांव में रहकर दर-दर भटक कर न्याय की गुहार लगा रही है।
इस मामले को लेकर ग्रामीणों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। शनिवार देर शाम सूचना मिलने पर हथौड़ी थाना के डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित हथौड़ी थाना ले गई। मिली जानकारी के अनुसार बल्लीपुर पंचायत के वार्ड नौ निवासी संजय कमंती का पुत्र बॉबी कुमार और प्रयागराज की युवती के बीच करीब नौ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया।


युवती का आरोप है कि इस दौरान दोनों के बीच चार बार मुलाकात हुई और शारीरिक संबंध भी बने। युवती का कहना है कि बॉबी कुमार ने उसे अपने साथ रखने और शादी करने का भरोसा दिया था। इसी भरोसे पर वह प्रयागराज से शिवाजीनगर पहुंची। युवती का कहना है कि बॉबी उसे पहले अपने साथ लेकर समस्तीपुर होटल में रुका था और पूर्व में के दीदी के घर पर चार दिनों तक दोनों पति-पत्नी की तरह साथ रहे। इस दौरान बाॅबी ने युवती को पत्नी के रूप में स्वीकृति देने के उद्देश्य से युवती की मांग में सिंदूर भी डाला था।
युवती ने बताया कि इसके बाद बॉबी उसे लेकर अपने घर आने की बात कह रहा था, लेकिन जब उसके पिता को इस संबंध की जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध करना शुरू कर दिया। युवती का आरोप है कि बॉबी के पिता ने उसे धमकाया और बाद में बॉबी को अपने साथ ले गए। उसने यह भी कहा कि बॉबी का मोबाइल फोन भी उसके पिता ने अपने पास रख लिया है। युवती के अनुसार इसके बाद बॉबी उसे समस्तीपुर में छोड़कर फरार हो गया। तब से वह अपने प्यार को पाने के लिए पति के गांव बिहार के शिवाजीनगर में भटक रही है। युवती पिछले चार दिनों से बल्लीपुर गांव में ही किसी ग्रामीण के यहां रह रही थी। मामले को लेकर गांव के लोगों ने एक पंचायत भी बुलाई।


पंचायत में कुछ ग्रामीणों का कहना था कि यदि दोनों के बीच संबंध रहे हैं तो लड़के को युवती को अपने साथ रखना चाहिए। हालांकि बॉबी के परिजनों ने युवती को घर में रखने से साफ इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि लड़के के परिजन युवती पर अपने घर वापस लौट जाने का दबाव बना रहे हैं। वहीं युवती का कहना है कि वह अब अपने प्रेमी बॉबी के साथ ही रहेगी और किसी भी हालत में वापस अपने घर नहीं जाएगी।
उसने कहा कि वह न्याय चाहती है और जब तक उसे न्याय नहीं मिलेगा, वह यहां से नहीं जाएगी। युवती ने यह भी बताया कि उसकी पहले एक शादी दिल्ली में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसका तलाक हो गया। उस शादी से एक बेटी है, जो फिलहाल अपने पिता के पास रहती है। पहले पति से तलाक हो चुका है। इधर पूरे गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुए इस प्रेम प्रसंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। शनिवार देर शाम किसी ग्रामीण द्वारा सूचना देने पर डायल 112 की पुलिस टीम गांव पहुंची और युवती को अपने साथ लेकर हथौड़ी थाना चली गई।
अब देखना यह है कि सोशल नेटवर्क पर शुरु हुए प्यार का अंजाम क्या होता है। क्या युवती अपने प्यार को पाने मेंं सफल हो पाती है या नहीं, यह समय और प्रशासन व स्थानीय लोगों पर निर्भर है। हथौड़ी थाना अध्यक्ष मौसम ने बताया कि लड़का व लड़की के बीच में समझौता करने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे कि लड़की को न्याय मिल सके।





