रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ भाकपा माले ने निकाला जुलूस, किया प्रदर्शन

व्हाट्सएप से जुडने के लिए यहां क्लीक करें

रसोई गैस की किल्लत के खिलाफ भाकपा माले ने निकाला जुलूस, किया प्रदर्शन

Doorbeen News Desk: जिले में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से आम उपभोक्ताओं की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से भाकपा माले ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया एवं रसोई गैस उपभोक्ताओं को सुगमतापूर्वक उपलब्ध कराने की मांग की।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में गैस उपभोक्ता शहर के सरकारी बस स्टैंड में इकट्ठा होकर भाकपा माले नगर कमिटी के झंडे, बैनर एवं मांगों से संबंधित नारे लिखे तख्तियां लेकर जुलूस निकाला। नारे लगाते जुलूस स्टेडियम गोलंबर, सर्किट हाउस, सदर अस्पताल, स्टेडियम मार्केट होते हुए समाहरणालय पहुंचकर सांकेतिक प्रदर्शन किया।

मौके पर सभा का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता भाकपा माले के जयंत कुमार ने की। सभा को आइसा के दीपक यदुवंशी, राजू झा, इनौस के कुंदन कुमार, भाकपा माले के दीनबंधु प्रसाद, विजय कुमार राम, रामनारायण सिंह, रमेश कुमार महतो, विलबहार सहनी, पवन दास समेत अन्य कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
भाकपा माले जिला स्थाई समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि कई गैस एजेंसियों पर सिलेंडर की आपूर्ति कम होने के कारण लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। इससे खासकर गृहिणियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

शहर के विभिन्न मोहल्लों के उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के कई दिन बाद भी सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है। ऑनलाइन बुकिंग नंबर कभी बंद रहता है तो कभी बुकिंग स्वीकृत बताने के बाद भी मैसेज नहीं आ पता है। ऑनलाइन बुकिंग नंबर भी बंद कर दिया गया है। उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि कई लोग मजबूर होकर महंगे दामों पर बाजार से गैस सिलेंडर खरीदने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि गैस नहीं मिलने से खाना बनाने में काफी दिक्कत हो रही है। कई परिवारों को फिर से लकड़ी या अन्य वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेना पड़ रहा है।

गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऊपर से आपूर्ति कम होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। जैसे ही पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर उपलब्ध होंगे, उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जयंत कुमार ने प्रशासन से इस समस्या पर ध्यान देने और जल्द से जल्द गैस की आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *