व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए यहां क्लीक करें
रोसड़ा शिवाजीनगर बहेरी पथ निर्माण में हो रही देरी पर ग्रामीणों की बैठक, धूल से लोगों की बढ़ी परेशानी
Doorbeen News Desk: शिवाजीनगर प्रखंड अंतर्गत दहियार रन्ना पंचायत के गुरुकुलआश्रम शाहरू धाम परिसर में शनिवार को ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख डॉ. गोविंद कुमार ने की, जबकि संचालन मुखिया पति राजेश कुमार सिंह ने किया। बैठक में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में मुख्य रूप से रोसड़ा से शिवाजीनगर होते हुए बहेरी तक बन रहे सड़क निर्माण कार्य में हो रही देरी तथा इससे उत्पन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि रोसड़ा शिवाजीनगर बहेरी पथ का निर्माण कार्य काफी समय से अधूरा पड़ा हुआ है। वर्तमान में यह सड़क कर्पूरी चौक तक ही बनकर रुक गई है। विगत लगभग दो महीनों से कर्पूरी चौक से बहेरी तक सड़क निर्माण का कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। इससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी सड़क के कारण रास्ते में धूल, कंकड़ और पत्थर फैले हुए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग बेहद खतरनाक साबित हो रहा है। धूल के कारण लोगों को सांस संबंधी परेशानियां भी होने लगी हैं। वहीं कंकड़ पत्थर के कारण दुर्घटना होने की आशंका भी बनी रहती है। बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही के कारण आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने सरकार एवं संवेदक से मांग की कि जल्द से जल्द इस सड़क निर्माण कार्य को पुनः शुरू कराया जाए और इसे शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
साथ ही यह भी मांग की गई कि जब तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक निर्माण एजेंसी द्वारा प्रतिदिन कम से कम तीन बार सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाए।
इससे धूल और डस्ट से लोगों को कुछ राहत मिल सकेगी तथा दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। लोगों ने प्रशासन से इस मामले में जल्द हस्तक्षेप करने और संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की मांग की। बैठक में शिवाजी मंडल, रामशोभित मंडल, विजय मंडल, मदन प्रसाद सिंह, डॉ. विनोद कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, राम बालक सिंह, सुरेश कुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। उपस्थित लोगों ने एक स्वर में सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग उठाई, ताकि क्षेत्र के लोगों को हो रही समस्याओं से निजात मिल सके।






