नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति, दूरदर्शी नीतिगत सुधारों तथा अवसंरचना विकास के लिए बिहार को राष्ट्रीय पुरस्कार 

व्हाट्सएप से जुड़ने के लिए क्लीक करें

नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति, दूरदर्शी नीतिगत सुधारों तथा अवसंरचना विकास के लिए बिहार को राष्ट्रीय पुरस्कार 

Doorbeen News Desk: नागरिक विमानन मंत्रालय की ओर आयोजित प्रतिष्ठित विंग्स इंडिया 2026 कार्यक्रम में बिहार को नागरिक उड्डयन क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति, दूरदर्शी नीतिगत सुधारों तथा अवसंरचना विकास के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

यह पुरस्कार बिहार सरकार द्वारा विमानन क्षेत्र को सुदृढ़ करने हेतु किए गए सतत एवं प्रभावी प्रयासों के लिए दिया गया है। केन्द्रीय नागरिक उड्‌डयन मंत्री राममोहन नायडू ने यह पुरस्कार बिहार के सिविल विमानन विभाग के सचिव डॉ. निलेश रामचंद्र देवरे को प्रदान किया। बिहार सरकार ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय, भारत सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यह संकल्प दोहराया है कि राज्य में सुरक्षित, किफायती, सुलभ एवं समावेशी हवाई संपर्क के विकास हेतु भविष्य में भी नीतिगत सुधारों एवं अवसंरचना निवेश को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती रहेगी।

यह पहल हुई : – बिहार सरकार द्वारा विमानन क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के उ‌द्देश्य से एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) पर वैट को 30 प्रतिशत से घटाकर मात्र 4 प्रतिशत कर दिया गया है। यह निर्णय देश के सबसे प्रतिस्पर्धी कर ढांचों में से एक है। जिससे राज्य के हवाई अड्‌डों से विमान परिचालन की लागत में उल्लेखनीय कमी आई है और एयरलाइनों के लिए बिहार एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरा है।

– राज्य में नागरिक उड्‌डयन अवसंरचना के विस्तार के लिए कई हवाई अड्डों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है। प्रस्तावित एवं विकासाधीन हवाई अड्‌डों के लिए भूमि अधिग्रहण को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार ठोस कार्रवाई कर रही है। ताकि भविष्य की यात्री, कार्गो तथा क्षेत्रीय संपर्क आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक हवाई अड्डा सुविधाएं विकसित की जा सकें।

बिहार फ्लाइंग स्कूल को देश में ‌दूसरा स्थान

बिहार फ्लाइंग स्कूल को डीजीसीए ‌द्वारा जारी रैंकिंग में देश में ‌दूसरा स्थान दिया गया है। दरअसल, क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना (उड़ान) के प्रभावी क्रियान्वयन, नए गंतव्यों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने, हेलीकॉप्टर सेवाओं, आपदा प्रबंधन एवं पर्यटन आधारित विमानन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में भी राज्य सरकार द्वारा सक्रिय पहल की जा रही है। विमानन कौशल विकास एवं संस्थागत क्षमताओं के सुदृढीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *