समस्तीपुर। उत्तर बिहार के जिलों में 22-23 फरवरी को गरज के साथ बादल रहने का अनुमान है। इस दौरान उत्तर बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की वर्षा व पुरवा हवा चल सकती है। कुछ स्थानों पर ओला पड़ने की भी संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केन्द्रीय कृषि विवि के मौसम विभाग (weather department) ने मंगलवार को 25 फरवरी तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है।


इधर मौसम पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को समस्तीपुर सहित अन्य जिले में भी सुबह से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई है। साथ ही हवा भी तेज है। जिसके कारण ठंड में कनकनी फिर से बढ़ गई है। समस्तीपुर जिले के सरायरंजन, मोरवा, पूसा, कल्याणपुर सहित अन्य प्रखंडों में बूंदाबांदी की सूचना है। वहीं कई जगह पर तेज बूंदाबांदी होने की भी सूचना मिली है। मौसम के करवट लेने से लोगों को दैनिक कार्यों में थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।


जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार इस अवधि में औसतन 5 से 6 किमी. प्रति घंटा की गति पछुआ हवा चल सकती है। इस दौरान सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 85 से 95 एवं दोपहर में 60 से 70 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमान की अवधि में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री व न्यूनतम 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इधर समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड क्षेत्र में जोरो से बारिश भी शुरू हो गई है।








