मोदी ने कहा, वे जिस राष्ट्र संकल्प को लेकर निकले हैं, उसकी पूर्ति के लिए तीसरा कार्यकाल जरूरी, उनका 10 वर्षों का कार्यकाल रहा आरोपमुक्त

दूरबीन डेस्क। दिल्ली में आयोजित भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (prime minister narendar modi) ने कहा कि पूरा देश मानता है कि उनका 10 वर्षों का कार्यकाल आरोपमुक्त रहा है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकलना सामान्य उपलब्धि नहीं है। देश को महाघोटाले और आतंकी हमलों से मुक्ति दिलाई, गरीब और मध्यम श्रेणी के लोगों का जीवन बेहतर करने का प्रयास किया है।

भारत मंडपम में आयोजित अधिवेशन में मोदी ने कहा कि वे जिस राष्ट्र संकल्प को लेकर निकले हैं, उसकी पूर्ति के लिए तीसरा कार्यकाल जरूरी है। वह राजनीति के लिए नहीं, राष्ट्रनीति के लिए निकले हैं। अगर वह अपने घर की चिंता करते तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बन पाते। युवाओं, महिलाओं-गरीबों के सपने और संकल्प को मोदी का संकल्प बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इसकी पूर्ति के लिए दिन-रात एक कर रहे हैं।

कांग्रेस को हताश बताया मोदी ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार, परिवारवाद, तुष्टिकरण और अस्थिरिता की जननी करार देते हुए कहा कि वह इतनी हताश हो गई है कि उसके पास भाजपा के वैचारिक विरोध का भी साहस नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से देश को बचाना भाजपा के हर कार्यकर्ता का दायित्व है, क्योंकि उसका इतिहास सभी के सामने है।

भ्रमित पार्टी करार दिया मोदी ने सर्जिकल स्ट्राइक  और एचएएल पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा, कांग्रेस सेना के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ती है। उसने देश की सेना का मनोबल तोड़ने की कोशिश की। कांग्रेस को भ्रमित पार्टी करार देते हुए उन्होंने कहा कि उसमें एक बड़ी तगड़ी लड़ाई चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *